ड्राइविंग टेस्ट सेंटर पर 5 दिनों से कामकाज ठप, लाइसेंस बनवाने पहुंचे लोग परेशान
punjabkesari.in Thursday, Oct 22, 2026 - 09:57 AM (IST)
जालंधर (चोपड़ा): ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट सेंटर, नजदीक बस स्टैंड में पिछले पांच दिनों से लगातार कामकाज प्रभावित होने के कारण ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने और अन्य लाइसेंस संबंधी सेवाओं के लिए आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बुधवार को सेंटर में सुबह रोजाना की तरह कामकाज शुरू हुआ, लेकिन कुछ समय बाद ही संयुक्त तालमेल कमेटी के आह्वान पर कर्मचारियों ने ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का काम बंद करवा दिया। इसके चलते ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेकर पहुंचे लोगों को बिना काम करवाए वापस लौटना पड़ा।
गौरतलब है कि शनिवार और रविवार को सरकारी अवकाश होने के कारण सेंटर बंद रहा। इसके बाद सोमवार को सेंटर के बाहर लगा ट्रांसफार्मर किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से गिर जाने के कारण कामकाज प्रभावित हुआ। मंगलवार को दशहरे की छुट्टी रही, जबकि बुधवार और वीरवार को कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सेवाएं बंद रहने की स्थिति बन गई है। लोगों का कहना है कि अप्वाइंटमैंट लेने के बावजूद सेवाएं उपलब्ध न होने से उनका समय और आने-जाने का खर्च बर्बाद हो रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

