सैंट्रल जेल में हवालाती की शैम्पू की बोतल से मिला 2 ग्राम नशीला पाऊडर

punjabkesari.in Monday, Jul 16, 2018 - 09:28 AM (IST)

होशियारपुर (अमरेन्द्र): सैंट्रल जेल होशियारपुर में हवालाती सुखविन्द्र सिंह निवासी गांव रायपुर को मुलाकात के बहाने शैम्पू की बोतल में नशीला पाऊडर देने के आरोप में आरोपी भाई सुरेन्द्र सिंह को भी जेल पुलिस ने पकड़कर थाना सिटी पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करवा दी है। 
 

थाना सिटी पुलिस को दिए बयान में डिप्टी जेल सुपरिंटैंडैंट अवतार कृष्ण सैनी ने बताया कि हवालाती सुखविन्द्र सिंह से मिलने उसका भाई सुरेन्द्र सिंह आया था। इस दौरान सुखविन्द्र सिंह को सामान देने के बहाने सुरेन्द्र सिंह शैम्पू की बोतल पकड़ा कर वहां से भागने की कोशिश करने लगा तो जेल प्रबंधन टीम को उस पर शक हुआ। शक के आधार जेल कर्मियों ने सुरेन्द्र सिंह को पकड़ लिया। जेल कर्मचारियों ने जब हवालाती सुखविन्द्र सिंह को पकड़ाए सामान की जांच की तो शैम्पू की बोतल से 2 ग्राम नशीला पाऊडर बरामद हुआ। इसके बाद थाना त्रिपड़ी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना सिटी पुलिस ने हवालाती व उसके आरोपी भाई के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

swetha