हिमाचल व पंजाब पुलिस का नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान, नशा तस्कर घरों को ताले लगा कर भागे

punjabkesari.in Friday, Jul 13, 2018 - 08:38 AM (IST)

पठानकोट(कंवल, आदित्य, शारदा) : चिट्टे के लिए बदनाम गांव भदरोया (हि.प्र.) में पंजाब व हिमाचल पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी फोर्स सहित छापेमारी की, जो सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर एक बजे तक चली। इस दौरान नशा तस्कर अपने घरों को ताले लगाकर भाग गए।

गांव भदरोया व छन्नी बेली में दूर-दूर से नौजवान नशे की प्यास बुझाने आते हैं और कई नौजवान यहीं पर ही नशे की ओवरडोज से मर जाते हैं। इन दोनों गांवों के बीच केवल चक्की दरिया ही पड़ता है और जब हिमाचल पुलिस दबिश देती है तो तस्कर पंजाब में भाग जाते हैं। इसी के चलते अब पंजाब व हिमाचल पुलिस संयुक्त अभियान चलाकर इस पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है।

इस मौके पर दोनों पंजाब पुलिस के डी.एस.पी. सुखजिंद्र सिंह व हिमाचल पुलिस के डी.एस.पी. मेघनाथ चौहान ने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के संयुक्त अभियान निरंतर जारी रहेंगे। एस.एस.पी. पठानकोट विवेक सोनी ने कहा कि पंजाब में नशे से हो रही मौतों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। एस.एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल ने कहा कि हिमाचल के भदरोया व छन्नी बेली गांव में नशे के अड्डों को खत्म करने के लिए यह संयुक्त अभियान चलाया गया है। यह अभियान इन नशे के अड्डों के खात्मे के बाद ही बंद होगा। 

Vatika