नशे की ओवरडोज से युवक की मौ+त, परिवार में मचा कोहराम

punjabkesari.in Saturday, Aug 15, 2026 - 11:44 AM (IST)

पटियाला/पातड़ा: पंजाब के पातड़ा में नशे की ओवरडोज से एक 27 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पिछले 2 सप्ताह के दौरान उपमंडल पातड़ा में नशे की ओवरडोज से मौत का यह दूसरा मामला है।

मृतक की पहचान ठाकुरदीप सिंह (27) पुत्र बलजिंदर सिंह, निवासी हरमन नगर, पातड़ा के रूप में हुई है। घटना बीती रात स्थानीय चुनागरा रोड क्षेत्र में हुई। परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने यादविंदर सिंह, कमलजीत कौर, कुलविंदर सिंह और बूटा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि ठाकुरदीप सिंह शाम को घर से शराब पीने की बात कहकर निकला था और उसके पास कुछ नकदी भी थी। उनका कहना है कि जिस स्थान से युवक का शव बरामद हुआ, वहां कथित तौर पर देह व्यापार का अड्डा संचालित होता है। 

परिजनों ने दावा किया कि कुछ दिन पहले पुलिस ने इसी स्थान पर छापेमारी कर आपत्तिजनक हालत में कुछ महिलाओं और पुरुषों को पकड़ा था, लेकिन इसके बावजूद वहां गतिविधियां जारी थीं। परिवार ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को वहां किसी जहरीले नशे का सेवन कराया गया या फिर किसी अन्य तरीके से उसकी हत्या की गई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News