बठिंडा में नशे का कहर, चिट्टे की ओवरडोज से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 05:32 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा): तलवंडी साबो में कथित तौर पर चिट्टे (हेरोइन) की ओवरडोज से 25 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान आकाशदीप सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों ने आरोप लगाया कि शहर में खुलेआम बिक रहे नशे के कारण उनका बेटा इसकी गिरफ्त में आ गया और आखिरकार ओवरडोज ने उसकी जान ले ली।

मृतक की मां सुखजीत कौर ने बताया कि आकाशदीप दिहाड़ी-मजदूरी कर पूरे परिवार का पालन-पोषण करता था और घर की आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से चिट्टे का अवैध कारोबार चल रहा है। इस संबंध में कई बार पुलिस और प्रशासन को शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि कुछ आरोपितों को पकड़ने के बाद भी छोड़ दिया जाता है, जिससे नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं और कारोबार लगातार फल-फूल रहा है।

उन्होंने बताया कि परिवार में तीन बेटे और एक 13 वर्षीय बेटी है। बड़ा बेटा शादी के बाद अलग रहता है। पति सौदागर सिंह की आंखों की रोशनी कमजोर होने के कारण वह काम करने में सक्षम नहीं हैं, जबकि वह स्वयं घरों में काम कर किसी तरह परिवार का गुजारा कर रही हैं। ऐसे में आकाशदीप ही परिवार का सबसे बड़ा सहारा था।

PunjabKesari

मृतक के पिता सौदागर सिंह ने बताया कि उनका बेटा घर की सीढ़ियों के पास गिरा हुआ मिला। जब तक वे उसके पास पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि कोरोना लॉकडाउन के दौरान पहले उसे नशीली गोलियों की लत लगी और बाद में वह चिट्टे का आदी हो गया। उन्होंने सरकार से मांग की कि नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर इस जहर के कारोबार को पूरी तरह खत्म किया जाए, ताकि किसी और परिवार का चिराग न बुझे।

इस मामले में पूर्व नगर परिषद प्रधान हरबंस सिंह ने कहा कि सरकार भले ही नशे के खिलाफ अभियान चलाने के दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि वार्ड नंबर-10 में नशे से यह पांचवीं मौत है। उन्होंने नशा पीड़ित युवाओं के इलाज, पुनर्वास और नशा तस्करों पर निर्णायक कार्रवाई की मांग की।

उधर, थाना तलवंडी साबो के प्रभारी अमरीक सिंह ने कहा कि पुलिस लगातार नाकाबंदी और छापेमारी कर रही है। युवक की मौत के मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जाएगी। यदि जांच में नशा तस्करी या ओवरडोज से जुड़े तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News