Suntech City मामले में पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा से ED ने 10 घंटे की पूछताछ
punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 10:35 PM (IST)
जालंधर: पंजाब के मौजूदा अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) और पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा से प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मोहाली के Suntech City और Elts Space Builders से जुड़े मामले में करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। बुधवार को अनुराग वर्मा जालंधर स्थित ED के कार्यालय पहुंचे थे, जहां उनसे दिनभर सवाल-जवाब किए गए। पूछताछ रात करीब 9:15 बजे खत्म हुई।
बताया जा रहा है कि ED की जांच का मुख्य फोकस उस अवधि से जुड़ा है, जब अनुराग वर्मा Housing & Urban Development Department के प्रमुख पद पर थे। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि Suntech City प्रोजेक्ट से जुड़े मामलों में जमीन के इस्तेमाल में बदलाव यानी CLU (Change of Land Use), लेआउट और बिल्डर के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान नियमों का पालन हुआ था या नहीं।
ED इस बात की भी जांच कर रही है कि बिल्डर के खिलाफ धारा 90 के बजाय धारा 85 के तहत कार्रवाई क्यों की गई और क्या इस फैसले से बिल्डर को किसी तरह की राहत मिली। अनुराग वर्मा को इससे पहले भी ED ने दो बार पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, उन्होंने जरूरी दस्तावेज और संबंधित फाइलें जुटाने के लिए समय मांगा था। बुधवार को वह इन्हीं दस्तावेजों से जुड़ी फाइल लेकर जालंधर स्थित ED कार्यालय पहुंचे।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने Suntech City प्रोजेक्ट से जुड़े फैसलों, CLU की प्रक्रिया, बिल्डर के खिलाफ की गई कार्रवाई और संबंधित सरकारी आदेशों को लेकर सवाल किए। फिलहाल ED की जांच जारी है। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर जांच एजेंसी आगे की कार्रवाई कर सकती है।

