AAP सांसद अशोक मित्तल के कुछ ठिकानों पर अभी भी जारी है ED की रेड : सूत्र
punjabkesari.in Thursday, Apr 16, 2026 - 10:02 PM (IST)
जालंधर (मृदुल): आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद Ashok Mittal से जुड़े ठिकानों पर Enforcement Directorate (ईडी) की कार्रवाई को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, कुछ स्थानों पर अभी भी ईडी की टीमें जांच में जुटी हुई हैं और वापस नहीं लौटी हैं। बताया जा रहा है कि Lovely Professional University (एलपीयू) के एक ब्लॉक में ईडी की टीम मौजूद है, जहां दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। वहीं, गुरुग्राम स्थित एक यूनिवर्सिटी परिसर में भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
सूत्रों के अनुसार, सांसद अशोक मित्तल के बेटे के फ्लैट पर भी ईडी की टीम पहुंची हुई है और वहां भी जांच चल रही है। हालांकि, पहले खबरें सामने आई थीं कि सभी ठिकानों पर रेड खत्म हो चुकी है, लेकिन अब जानकारी मिल रही है कि 2-3 स्थानों पर कार्रवाई अभी भी जारी है। फिलहाल, इस रेड के दौरान क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि जल्द ही ईडी इस संबंध में खुलासा कर सकती है।
गौरतलब है कि बीते दिन ईडी ने अशोक मित्तल से जुड़े करीब 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी, जिसमें जालंधर, कपूरथला और गुरुग्राम सहित कई ऐसे ठिकाने थे, जहां पर ई.डी. ने दबिश दी थी।

