CM मान के साले को ED का समन, ₹5 करोड़ रिश्वत मामले में होगी पूछताछ

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 07:34 PM (IST)

पंजाब डैस्क : पंजाब की सियासत से जुड़े ₹5 करोड़ के कथित रिश्वत मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के साले अमरदीप सिंह ग्रेवाल को पूछताछ के लिए दोबारा समन जारी किया है। ग्रेवाल को अब 9 अक्टूबर को दिल्ली स्थित ED कार्यालय में पेश होना होगा।

जानकारी के मुताबिक, ED ने ग्रेवाल को पहले 7 अक्टूबर को हाई इंटेंसिटी यूनिट (HIU) के समक्ष पेश होने के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने पेशी के लिए समय मांगा था। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें 9 अक्टूबर की नई तारीख दी है।

यह मामला अमृतसर में दर्ज एक रेप केस की जांच से जुड़ा है। आरोप है कि मामले की जांच को प्रभावित करने के लिए ₹5 करोड़ की रिश्वत की पेशकश की गई थी। इस मामले में ग्रेवाल का नाम सामने आया था।

मामले ने उस समय राजनीतिक तूल पकड़ा जब पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रणजीत सिंह ने आरोप लगाया कि कथित रिश्वत मुख्यमंत्री की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान की ओर से मांगी गई थी। हालांकि, डॉ. गुरप्रीत कौर ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया था और पूर्व न्यायाधीश को कानूनी नोटिस भेजा था।

अब ED की ओर से ग्रेवाल को पूछताछ के लिए बुलाए जाने के बाद इस मामले में जांच आगे बढ़ने के संकेत हैं। इससे एक दिन पहले ही पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े लोगों के खिलाफ ED द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच CBI से कराने का निर्देश दिया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News