पंजाब: स्कूलों की मनमानी पर शिक्षा विभाग की सख्ती, बड़ी कार्रवाई की तैयारी
punjabkesari.in Thursday, Nov 26, 2026 - 02:15 PM (IST)
अमृतसर (दलजीत) : सर्दियों के मौसम में स्कूलों के समय को लेकर मनमानी करने वाले स्कूल प्रबंधकों पर सरकार द्वारा निर्धारित समय के निर्देशों को नजर-अंदाज कर समय से पहले स्कूल लगाने वालों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश शर्मा द्वारा 25 नवम्बर को जारी पत्र में पंजाब सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 30 मार्च 2020 को जारी निर्देशों का हवाला दिया गया है। इन निर्देशों के अनुसार सभी सरकारी, प्राइवेट, एडेड और मान्यता प्राप्त स्कूलों का समय हर साल 1 नवम्बर से 28 फरवरी तक निर्धारित किया गया है।
इसके बावजूद कुछ स्कूलों द्वारा निर्धारित समय का पालन न करते हुए अपनी मर्जी से स्कूल लगाए जा रहे हैं। इस बात को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिया है कि सरकार द्वारा जारी समय-सारणी का अक्षरशः पालन किया जाए तथा स्कूल लगाने और छुट्टी करने में किसी प्रकार की मनमानी न की जाए।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि स्कूल के निर्धारित समय के उल्लंघन के कारण यदि किसी विद्यार्थी या स्कूल के किसी कर्मचारी के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है या किसी प्रकार का नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रमुख और प्रबंधन की होगी। विद्यार्थियों के बस्तों के बढ़ते वजन की ओर भी विशेष ध्यान देने को कहा कि बच्चों के बस्ते बहुत भारी होने के कारण उन्हें सर्वाइकल, रीढ़ की हड्डी और आंखों से संबंधित बीमारियों जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए स्कूलों में विद्यार्थियों से केवल मुख्य विषयों से संबंधित आवश्यक किताबें ही मंगवाई जाएं। इसके अलावा सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से संबंधित किताबें और कॉपियां स्कूलों में ही रखने की व्यवस्था की जाए ताकि बच्चों को प्रतिदिन अनावश्यक भारी बस्ता उठाकर न ले जाना पड़े।
विद्यार्थियों के आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए जिन स्कूलों में परिवहन की सुविधा उपलब्ध है, उनके प्रमुखों को अपने स्तर पर बच्चों को लाने और छोड़ने वाले वाहनों की प्रारंभिक जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश शर्मा ने अपने पत्र के माध्यम से सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि स्कूल लगने के समय या अन्य जारी निर्देशों के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्कूल के विरुद्ध निर्देशों के उल्लंघन संबंधी शिकायत जिला प्रशासन या शिक्षा विभाग के पास पहुंचती है तो उसके आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

