घर से गुरुद्वारा साहिब के लिए निकली बुजुर्ग महिला का 3 दिन बाद मिला श/व, इलाके में फैली सनसनी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 04:36 PM (IST)

लुधियाना (राज):  जिले में एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहीद भगत सिंह नगर से 3 दिन पहले गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जाने के लिए घर से निकली एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव मंगलवार को सिधवां नहर से बरामद होने से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान शहीद भगत सिंह नगर निवासी सुरिंदर कौर (65) के रूप में हुई है। महिला 3 अक्टूबर की शाम को घर से निकली थीं और वापस नहीं लौटी थीं। परिजनों द्वारा पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद लगातार उनकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार दोपहर सिधवां नहर से शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

मामले की जानकारी देते हुए मृतका के पति जसविंदर सिंह ने बताया कि 3 अक्टूबर (शनिवार) की शाम करीब 5:00 बजे सुरिंदर कौर ने पास ही स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने जाने की बात कही थी। पैदल चलने में असमर्थ होने के कारण उन्होंने दिल्ली में रहने वाली अपनी बेटी को फोन कर लुधियाना के लिए एक ऑनलाइन कैब बुक करने को कहा। बेटी ने दिल्ली से ही मोबाइल ऐप के जरिए अपनी मां के लिए कैब बुक कर दी और सुरिंदर कौर घर से रवाना हो गईं। हालांकि, देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटीं और उनका कोई संपर्क नहीं हो सका, तो परिवार की चिंता बढ़ गई। 

परिजनों ने तत्काल अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों और नजदीकी स्थानों पर उनकी तलाश शुरू की। जब परिवार के सदस्य संबंधित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और वहां मौजूद ग्रंथी सिंह से जानकारी ली, तो उन्होंने बताया कि उस शाम सुरिंदर कौर गुरुद्वारा साहिब आई ही नहीं थीं। इस अनहोनी की आशंका से घबराए परिजनों ने बिना देर किए शहीद भगत सिंह नगर पुलिस चौकी में सुरिंदर कौर की गुमशुदगी की आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस और परिवार पिछले 72 घंटों से शहर के अलग-अलग हिस्सों में उनकी सरगर्मी से तलाश कर रहे थे।

मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि सिधवां नहर के पानी में एक बुजुर्ग महिला का शव तैरता हुआ देखा गया है। सूचना मिलते ही शहीद भगत सिंह नगर पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने तुरंत लापता सुरिंदर कौर के परिजनों को शिनाख्त के लिए मौके पर बुलाया। परिजनों ने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान सुरिंदर कौर के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

शहीद भगत सिंह नगर पुलिस चौकी के जांच अधिकारी सरबजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच और पारिवारिक बयानों के अनुसार सुरिंदर कौर पिछले काफी समय से गंभीर शारीरिक बीमारियों से ग्रसित थीं। लगातार अस्वस्थ रहने के कारण वह मानसिक तनाव और डिप्रेशन से जूझ रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक परेशानी के चलते उन्होंने नहर की तरफ जाकर यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। पुलिस ने शव का सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News