बटाला में पुलिस-शूटर के बीच मुठभेड़, कपड़ा कारोबारी के घर फायरिंग करने वाला तीसरा आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 08:36 AM (IST)

बटाला(हरजिंदर सिंह गोराया): पंजाब के बटाला में देर रात पुलिस और गिरफ्तार किए गए मुख्य शूटर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी रवि के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एसएसपी बटाला ने बताया कि कुछ दिन पहले शहर में एक रेडीमेड कपड़ा कारोबारी के घर पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जिनमें से एक पहले हुई पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था। अब पुलिस ने इस केस के मुख्य शूटर रवि और उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, रवि पर बटाला में फिरौती मांगने के उद्देश्य से करीब पांच फायरिंग की वारदातों को अंजाम देने का आरोप है। पूछताछ के बाद पुलिस उसे वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए बटाला से करीब 20 किलोमीटर दूर नहर किनारे एक सुनसान स्थान पर लेकर गई थी। आरोप है कि जैसे ही रवि ने छिपाई गई पिस्तौल निकाली, उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें रवि घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक विदेशी पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है। एसएसपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर फिरौती और फायरिंग जैसी वारदातों को अंजाम देता था। मामले की आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News