हर पल लोगों की सेवा को समर्पित थीं श्रीमती स्वदेश चोपड़ा जी

punjabkesari.in Sunday, Jul 08, 2018 - 10:24 AM (IST)

जालंधरः एक औरत के चेहरे पर पूर्ण संतुष्टि की खुशी हो तो यकीनन वह बहुत प्यारी रूह ही होगी। वह ऐसी ही थीं। मन में सेवा की भावना और हर मिलने वाले का स्वागत करना उनका स्वभाव था। मेरा उनके साथ 40 साल से भी लंबा रिश्ता था। ऐसे रिश्ते आपकी विरासत ही हो जाते हैं। 

श्रीमती स्वदेश चोपड़ा जी की सादगी और उनके स्वभाव ने चोपड़ा परिवार में चली आ रही सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया था। उनका मानना था कि आदमी अकेला कुछ नहीं होता। समाज के अंदर आदमी के इर्द-गिर्द बनते रिश्ते ही उसकी विरासत हैं। आप स्वयं लोगों की  सेवा में जाओ और उनके हो जाओ। उनके साथ ऐसे रिश्ते ही इंसान की बंदगी हो जाते हैं।  मुझे याद है कि वे चोपड़ा परिवार की सांसों में धड़कते रहे हैं। उन्होंने अपने घर की बुनियाद को बागवान की तरह सींचा है। जीवन के हर चरण में उन्होंने अपने बच्चों को नैतिक मूल्यों की जानकारी दी। ये नैतिक मूल्य ही परिवार की असल विरासत होते हैं। 
जीवन में अनेक ऊंचे-नीचे पड़ाव हैं। कभी धूप तो कभी छाया है। सो ऐसे जीवन में हौसले वाला वही होता है जो दिल से आबाद हो।

श्रीमती स्वदेश जी ऐसी ही थीं, दिल से आबाद थीं। हंसमुख चेहरा, दिल की बात सुनने वाली, हर पल लोगों की सेवा को समर्पित और परिवार को समझने वाली। स्वदेश जी की यह खूबी थी कि वह हर बात का बहुत ही सहजता से हल निकालती थीं। हम कई समाज सेवी संस्थाओं का हिस्सा रहे थे। इस दौरान उनका स्वभाव आगे होकर सेवा करने वाला रहा था। मेरे ख्याल में कोई ऐसा किस्सा नहीं है कि उनका कभी किसी के साथ मन-मुटाव भी हुआ हो। 

स्वदेश जी की यह खूबी रही कि वह सामने वाले को सुनतीं बहुत ध्यान से थीं। अब के दौर में बोलने का शोर इतना है कि सुनने की गुंजाइश नहीं बची। जहां हर कोई सुनाना चाहता है। कितना कुछ दबा हुआ है। ऐसे में वह सामने वाले को सुनती थीं। उनकी तकलीफों के रू-ब-रू होकर मदद करती थीं। गरीब परिवारों की मदद उन्होंने इसी सिलसिले में की।पैसे के अभाव में गरीब परिवार का कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए और गरीब परिवार की कोई लड़की पैसे की कमी के चलते शादी से न रह जाए। इन ङ्क्षचताओं ने ही उन्हें लोगों की सेवा की तरफ और हौसले के साथ जोड़ा। इसी सिलसिले में सामूहिक शादी और शिक्षा के क्षेत्र में चोपड़ा परिवार जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका अदा कर रहा है। मेरा विश्वास है कि चोपड़ा परिवार में आज भी स्वदेश जी सांस बनकर धड़कती हैं।      -कुमुद सहगल


सबसे ज्यादा पढ़े गए

swetha

Related News