बठिंडा में सनसनी: सोते व्यक्ति को गोली मारकर भागा पूर्व फौजी

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 05:14 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा): जिले के गांव लेलेवाला में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोप है कि गांव के ही एक पूर्व फौजी ने देर रात घर में घुसकर सो रहे व्यक्ति की गर्दन में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

घायल गुरजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह रात को अपने घर में सो रहा था। अचानक गोली चलने की आवाज आई और उसकी गर्दन के पिछले हिस्से में गोली लग गई। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर उसकी पत्नी सुखवीर कौर और बेटी हरमनदीप कौर मौके पर पहुंचीं। उनका आरोप है कि घटनास्थल पर गांव का निवासी एवं पूर्व फौजी गुरप्रेम सिंह मौजूद था। जब उन्होंने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने उनके साथ धक्का-मुक्की की और मौके से फरार हो गया।

घायल के अनुसार आरोपी ने उसे जान से मारने की नीयत से अपने हथियार से गोली चलाई। उसे पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उच्च अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक लेकिन स्थिर बताई जा रही है। मामले की जांच कर रहे एएसआई राम सिंह ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद वारदात के पीछे की वास्तविक वजह और स्पष्ट हो सकेगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News