फेसबुक ग्रुप नोटिस बोर्ड बना ‘मदद का जरिया’

punjabkesari.in Wednesday, May 16, 2018 - 08:06 AM (IST)

जालंधर (खुराना): फेसबुक को ज्यादातर लोग अपनी फोटोज डालने तथा दोस्तों के साथ अपने विचार इत्यादि शेयर करने के लिए इस्तेमाल करते हैं परन्तु अब फेसबुक जरूरतमंदों के लिए मदद का जरिया भी साबित हो रही है। कुछ ऐसा ही वाकया फेसबुक ग्रुप नोटिस बोर्ड-जालंधर के माध्यम से हुआ है। आज से 2 साल पहले शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में लगे युवक टीनू लूथरा ने जब फेसबुक पर नोटिस बोर्ड जालंधर ग्रुप शुरू किया तो शायद उन्हें भी अंदाजा नहीं होगा कि एक दिन यह ग्रुप विशालकाय रूप धारण कर लेगा और लोगों के लिए तरह-तरह की मदद का सबब बनेगा। एडमिन होने के कारण टीनू लूथरा ने इस ग्रुप के सदस्य बढ़ाने और जोडऩे में खास एहतियात बरती तथा जैन्यून लोगों को ही इसका मैम्बर बनाया।

आज 10,000 से ज्यादा मैम्बर नोटिस बोर्ड जालंधर ग्रुप के साथ जुड़ चुके हैं। ग्रुप में कोई भी पोस्ट डालने से पहले टीनू लूथरा द्वारा उसे कई तरह से जांचा-परखा जाता है ताकि हल्की किस्म की कोई पोस्ट इस संवेदनशील ग्रुप में न जाए। इसी प्रक्रिया के तहत कुछ माह पहले टीनू लूथरा को एक पोस्ट मिली जिसमें एक युवक मयंक शर्मा के एक्सीडैंट का जिक्र था और उसके लिए आॢथक सहायता की मांग की गई थी। टीनू लूथरा ने जांच-पड़ताल करके उस पोस्ट को नोटिस बोर्ड पर पोस्ट किया जिसके बाद प्रभावित परिवार की मदद के लिए कई हाथ बढ़ते चले गए और इस माध्यम से करीब 2 लाख रुपए से ज्यादा की मदद प्रभावित परिवार को हो चुकी है। 

आर्थिक रूप से कमजोर है मयंक का परिवार
टीनू लूथरा ने बताया कि 25 दिसम्बर, 2017 को सेंट जोसफ स्कूल का 16 वर्षीय छात्र मयंक शर्मा अपनी बाइक चलाते हुए सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया था। मयंक आज भी अरमान अस्पताल में भर्ती है और उसकी 4 ब्रेन सर्जरी हो चुकी हैं तथा 13 लाख से ज्यादा खर्च आ चुका है। पिता संदीप शर्मा प्राइवेट नौकरी के कारण इतना खर्च झेलने में असमर्थ हैं, ऐसे में नोटिस बोर्ड ग्रुप के माध्यम से मदद की अपील की गई। इसके लिए मयंक के दोस्तों परमदीप, निखिल, शिवम और अभिमन्यु आदि ने भी सोशल मीडिया पर अभियान चलाया।

प्रभपाल पन्नू ने भी इस अभियान में अभूतपूर्व सहयोग करते हुए जिमखाना क्लब के सदस्यों और अन्य स्थानों में इस मैसेज को वायरल किया जिसके चलते पिछले दिनों 1.50 लाख रुपए की राशि पन्नू द्वारा प्रभावित परिवार को सौंपी गई, इसके अलावा भी काफी पैसे उनके बैंक अकाऊंट में ट्रांसफर हुए। 
 

Anjna