Facebook पर दोस्ती, Canada PR का दावा और शादी... चंद दिनों बाद दुल्हन ने किया कांड

punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 10:52 AM (IST)

लुधियाना (राज): सोशल मीडिया के जरिए विदेश (कनाडा) की पीआर का झांसा देकर पहले शादी रचाने और फिर ससुराल के घर से नकदी व सोने के गहने समेट कर फरार होने वाली एक शातिर 'लुटेरी दुल्हन' का पर्दाफाश हुआ है। आरोपी युवती ने खुद को कनाडा की पक्की निवासी (PR) बताकर युवक से शादी की, जबकि हकीकत में वह पहले से ही शादीशुदा थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद वह अपने अन्य साथियों संग मिलकर पति के घर से 80 हजार रुपये नकद और लाखों के सोने के जेवर चुराकर रफूचक्कर हो गई।

नई-नवेली दुल्हन के पुराने कारनामों की लगी भनक
पीड़ित युवक गगनदीप की शिकायत पर पुलिस उच्चाधिकारियों द्वारा की गई विस्तृत पड़ताल के बाद आरोपी हरदीप कौर और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी का आपराधिक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में गगनदीप सिंह ने बताया कि उसकी दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर हरदीप कौर नामक युवती से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी हरदीप कौर ने गगनदीप को अपने झांसे में ले लिया। उसने दावा किया कि उसके पास कनाडा की पीआर  है और वह शादी के बाद उसे भी अपने साथ कनाडा ले जाकर वहां स्थायी रूप से सेटल करवा देगी। विदेश जाने और सुनहरे भविष्य के सपने में आकर गगनदीप और उसके परिवार ने इस रिश्ते को मंजूरी दे दी और दोनों की शादी संपन्न हो गई। शादी के कुछ समय बाद ही मुद्दई गगनदीप सिंह के पैरों तले जमीन खिसक गई, जब उसे अपनी नई-नवेली दुल्हन के पुराने कारनामों की भनक लगी।

महिला व साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश
जांच-पड़ताल में सामने आया कि हरदीप कौर ने अपने पहले विवाह की बात पूरी तरह छिपाकर यह शादी की थी। वह पहले से ही शादीशुदा थी और उसने केवल ठगी करने और पैसे ऐंठने की नीयत से गगनदीप को अपने झूठे प्रेमजाल में फंसाया था।सच्चाई सामने आने के चंद दिनों के भीतर ही आरोपी हरदीप कौर ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अगली साजिश को अंजाम दे डाला। योजनाबद्ध तरीके से वह अपने ससुराल घर में रखी 80,000 रुपये की नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने के पारिवारिक गहने चुराकर रातों-रात फरार हो गई। जब पीड़ित परिवार ने अलमारी की तिजोरी और लॉकर देखे तो सारा कीमती सामान गायब था और हरदीप कौर का कोई अता-पता नहीं था। धोखाधड़ी और चोरी की शिकार होने के बाद पीड़ित गगनदीप सिंह ने पुलिस उच्चाधिकारियों को लिखित दरखास्त सौंपी। पुलिस अधिकारियों द्वारा मामले की गहन पड़ताल के बाद आरोपी हरदीप कौर और उसके साजिशकर्ता साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश रचने और नकबजनी की संबंधित धाराओं के तहत नियमित मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि शादी के नाम पर ठगी करने वाले इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और महिला व उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News