खुद को भारतीय फौज का लैफ्टिनैंट बताने वाला फर्जी फौजी अफसर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Aug 22, 2020 - 09:15 AM (IST)

फतेहगढ़ साहिब(सुरेश): खुद को भारतीय फौज का लैफ्टिनैंट बताने वाले फर्जी फौजी अफसर को फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कथित आरोपी से नाजायज हथियारों सहित भारतीय फौज से संबंधित दस्तावेज और मोहरें बरामद हुई हैं। एस.एस.पी. अमनीत कौंडल ने बताया कि आरोपी की पहचान शोबराज सिंह उर्फ शिवा वासी गांव मंझ फग्गूवाला, थाना स्लेम टाबरी जिला लुधियाना के रूप में हुई। आरोपी से पुलिस को एक 32 बोर की नाजायज पिस्तौल समेत 3 कारतूस, एक एयर पिस्तौल, 5 जाली गोल मोहरें, एक वाकी टाकी सैट, आर्मी के लैफ्टिनैंट कर्नल की काले रंग की वर्दी और 2 अन्य आर्मी की काले रंग की वर्दियां, एक कार की नंबर प्लेट पर लगा इंडियन आर्मी का लोगो, एक लैपटाप और आर्मी के जाली दस्तावेज, लैफ्टिनैंट कर्नल रैंक का आई कार्ड और जाली सर्टिफिकेट, 10 अन्य मोहरें, एक स्टैंप पैड, एक आर्मी कोट पैंट, एक नीली डोरी, 5 खाकी डोरियां, एक जी.ओ. बैल्ट रंग लाल (पंजाब पुलिस), एक जोड़ा पी.पी.एस. बैच, एक जोड़ा स्टार, एक काले रंग की डांगरी, एक परेड वाली तलवार, एक खाकी रंग की जी.ओ. कैप (पी.पी.एस.), 2 वर्दी वाली फोटो और एक सिविल कपड़ों वाली फोटो बरामद हुई है।

खुद कर्नल रैंक की वर्दी पहनता था आरोपी 
एस.एस.पी. ने बताया कि शोबराज सिंह खुद आर्मी के कर्नल रैंक की वर्दी पहन कर रखता था और अपने & साथियों को भी आर्मी की वर्दी पहना देता था। उनके पास नाजायज हथियार हैं और आरोपी भोले भाले बेरोजगार लोगों को आर्मी में भर्ती करवाने का झांसा देकर उनके साथ ठगी मारते थे। सी.आई.ए. स्टाफ के ए.एस.आई. गुरबचन सिंह को मुखबिर ने सूचना दी थी कि शोबराज सिंह उर्फ शिवा आर्मी में बतौर सिपाही नौकरी करता रहा है, परंतु वह खुद को लैफ्टिनैंट कर्नल बताता है। उसने जिला लुधियाना के & अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर गैंग बनाया हुआ है। पुलिस ने मुखबरी के आधार पर थाना सरहिंद में केस दर्ज किया और जी.टी रोड स्थित फ्लोटिंग रैस्टोरैंट नहर के पुल सरहिंद में नाकाबंदी करके शोबराज सिंह को काबू कर लिया। कथित आरोपी शोबराज सिंह ने मौके पर भी लैफ्टिनैंट कर्नल की वर्दी पहनी हुई थी, जिसके पास इस रैंक संबंधी कोई भी असली पहचान पत्र वगैरा नहीं था। 


2003 में इंडियन आर्मी में सिपाही भर्ती हुआ था  
श्रीमती कौंडल ने बताया कि कथित आरोपी ने शुरुआती पूछताछ दौरान कबूल किया है कि वह साल 200& में बतौर सिपाही इंडियन आर्मी में भर्ती हुआ था, जो साल 2014 में मैडीकल पैंशन पर आ गया था। अब वह भोले भाले लोगों व बेरोजगारों को आर्मी में भर्ती करवाने का झांसा देकर उनसे पैसे हड़पते हैं, जिन्होंने काफी लोगों के साथ ठगी की है। श्रीमती कौंडल ने बताया कि  कथित आरोपी शोबराज शुरू से ही क्रिमिनल सोच वाला व्यक्ति रहा है, जिस पर पहले भी आम्र्स एक्ट के तहत एक मामला साल 2012 में थाना लाडोवाल किाला लुधियाना और दूसरा मामला लूटपाट करने का साल 2016 में थाना बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश में दर्ज है। आरोपी शोबराज सिंह मिलिट्री की वर्दी पहनकर विभिन्न जिलों में उच्चाधिकारियों के दफ्तरों में जाकर भी उनको मिलता रहा है। कथित आरोपी शोबराज सिंह को अदालत में पेश करके उसका पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा और उसके 2 अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा जिनसे और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News