फर्जी CIA स्टाफ बनकर सुनार को लगाया चूना, 2 गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Mar 04, 2019 - 12:12 PM (IST)

अमृतसर (अरुण): फर्जी सी.आई.ए. स्टाफ के कर्मचारी बन कर आए 2 नौसरबाजों ने एक सुनार को डरा-धमका कर हजारों की फिरौती ले ली। फिल्मी अंदाज में पहुंचे दोनों युवक अपने साथ एक अन्य आरोपी को लेकर आए, जिसको स्टाफ द्वारा गिरफ्तार किया गया चोर बताते हुए उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात इस सुनार को बेचने का हवाला दिया। 

विजय नगर पुलिस चौकी के इंचार्ज ए.एस.आई. गुरजीत सिंह को दी शिकायत में जवाहर नगर निवासी राम लखन ने बताया कि टंडन नगर बजार में उसकी राम लखन ज्यूलर्ज नामक दुकान है, जिसको वह और उसका छोटा लड़का अनिल कुमार चलाते हैं। 1 मार्च की दोपहर 12 बजे के करीब उनके घर के बाहर एक एक्टिवा पर सवार होकर 3 युवक आए। एक युवक ने खुद को सी.आई.ए. स्टाफ का अधिकारी बताते हुए दूसरे को भी अपना कर्मचारी बताया और तीसरे युवक की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यह पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया चोर है, जिसके द्वारा उनकी दुकान पर चोरी की गई सोने की चूडिय़ां व अन्य जेवरात बेचे गए हैं। उसके लड़के द्वारा ऐसा कोई भी जेवरात खरीदने से मना करने पर दोनों युवक उनके परिवार को धमकाने लग पड़े और उनके खिलाफ केस दर्ज करने के बारे में कहने लगे। खुद को अधिकारी बताने वाला युवक 50 हजार रुपए में मामला रफा-दफा करने की बात करने लग पड़ा। उसके द्वारा मिन्नत करने पर बात 40 हजार रुपए में खत्म हुई और उसके परिवार ने मौके पर ही 35 हजार रुपए दे दिए, उस समय ये लोग चले गए। देर सायं एक वार फिर उसको फोन करके बाकी के 5 हजार रुपए देने के लिए कहा गया और जल्दी पैसे न देने पर परिवार के सदस्यों को सी.आई.ए. स्टाफ द्वारा उठाने की धमकी भी दी गई। 

संदेह होने पर उसके द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पार्टी ने मोबाइल नंबर के आधार पर जांच करते हुए दोनों फर्जी सी.आई.ए. स्टाफ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों की पहचान सुरिन्द्र कुमार छिन्द्र पुत्र सुभाष चन्द्र (फर्जी पुलिस अधिकारी) निवासी संधू कालोनी, 88 फुटी रोड अजय कुमार राजा पुत्र सुरिन्द्र कुमार (फर्जी पुलिस अधिकारी) निवासी नेहरू कालोनी 88 फुट रोड के रूप में हुई, जिनके कब्जे से वारदात मौके इस्तेमाल की गई एक्टिवा (नंबर पी.बी.02 सी.एल. 0954), फिरौती की रकम में से 6 हजार रुपए और एक मोबाइल फोन पुलिस ने बरामद कर लिया है। फर्जी चोर बनकर साथ गए आरोपी की पहचान सोनू निवासी मुस्तफाबाद के रूप में हुई है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। छिन्द्र को नशे करने का आदी बताया जा रहा है। 

पुलिस रिमांड दौरान होंगे कई अहम खुलासे 
जांच अधिकारी विजय नगर चौकी इंचार्ज ए.एस.आई. गुरजीत सिंह ने बताया कि अदालत द्वारा मिले 2 दिन के पुलिस रिमांड दौरान गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों से गहनता के साथ पूछताछ करने के अलावा गिरोह के साथ जुड़े अन्य मैंबरों का भी पर्दाफाश किया जाएगा। घटनास्थल पर फर्जी चोर बन कर साथ गए आरोपी सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें रवाना की गई हैं। 

सी.आई.ए. स्टाफ अपने तौर पर करेगा पूछताछ  
फर्जी सी.आई.ए. स्टाफ बन कर ठगी करने वाले बेपर्दा हुए इस गिरोह संबंधी ए.सी.पी. इन्वैस्टीगेशन पलविंद्र सिंह संधू ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के नाम पर ठगी मारने वाले गिरोह के इन सदस्यों से सी.आई.ए. स्टाफ की पुलिस द्वारा गहनता के साथ पूछताछ की जाएगी।

 

Anjna