फर्जी लैफ्टिनैंट कर्नल बन मकान मालकिन से करता रहा दुष्कर्म, 5 अन्य महिलाओं से भी बनाए संबंध

punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2020 - 04:56 PM (IST)

फतेहगढ़ साहिब: खुद को भारतीय फौज का लैफ्टिनैंट बताने वाले फर्जी फौजी अफसर की तरफ से हथियार के बल पर मकान मालकिन से भी दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। फर्जी कर्नल की गिरफ्तारी के बाद मकान मालिकन ने मंडी गोबिंदगढ़ थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने दुष्कर्म तथा आम्र्स एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया है।पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि आरोपी कर्नल वर्दी का रौब दिखाकर कई महिलाओं से संबंध बना चुका है। अब तक वह पांच महिलाओं को झांसे में फंसाकर शारीरिक संबंध बना चुका है। महिला ने कहा कि पैसा निवेश करने का झांसा देकर आरोपी ने उसके दो मकान बिकवा दिए और उसके 60 लाख रुपए भी हड़प लिए। 

नाजायज हथियार व भारतीय फौज से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए थे

गौरतलब है कि इस फर्जी फौजी अफसर को फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने वीरवार को गिरफ्तार किया था। आरोपी से नाजायज हथियारों सहित भारतीय फौज से संबंधित दस्तावेज और मोहरें बरामद हुई थी। आरोपी की पहचान शोबराज सिंह उर्फ शिवा वासी गांव मंझ फग्गूवाला, थाना स्लेम टाबरी जिला लुधियाना के रूप में हुई। आरोपी से पुलिस को एक 32 बोर की नाजायज पिस्तौल समेत 3 कारतूस, एक एयर पिस्तौल, 5 जाली गोल मोहरें, एक वाकी टाकी सैट, आर्मी के लैफ्टिनैंट कर्नल की काले रंग की वर्दी और 2 अन्य आर्मी की काले रंग की वर्दियां, एक कार की नंबर प्लेट पर लगा इंडियन आर्मी का लोगो, एक लैपटाप और आर्मी के जाली दस्तावेज, लैफ्टिनैंट कर्नल रैंक का आई कार्ड और जाली सर्टिफिकेट, 10 अन्य मोहरें बरामद हुई थी।

खुद कर्नल रैंक की वर्दी पहनता था आरोपी 
आरोपी शोबराज सिंह खुद आर्मी के कर्नल रैंक की वर्दी पहन कर रखता था और अपने 3 साथियों को भी आर्मी की वर्दी पहना देता था। उनके पास नाजायज हथियार हैं और आरोपी भोले भाले बेरोजगार लोगों को आर्मी में भर्ती करवाने का झांसा देकर उनके साथ ठगी मारते थे। सी.आई.ए. स्टाफ ने जी.टी रोड स्थित फ्लोटिंग रैस्टोरैंट नहर के पुल सरहिंद में नाकाबंदी करके शोबराज सिंह को काबू कर लिया। कथित आरोपी शोबराज सिंह ने मौके पर भी लैफ्टिनैंट कर्नल की वर्दी पहनी हुई थी, जिसके पास इस रैंक संबंधी कोई भी असली पहचान पत्र नहीं था। पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी को जिला सेशन जज की अदालत में पेश किया गया था। जहां अदालत ने आरोपी का पुलिस रिमांड तीन दिन बढ़ा दिया है। रिमांड दौरान पुलिस उन लोगों का पता लगाएगी जिनसे सेना में भर्ती के नाम पर लाखों रूपए की ठगी की है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News