कंपनी के लाखों रुपए हड़पने के लिए कर्मचारी ने रची साजिश, पुलिस जांच में खुला पूरा राज
punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 10:41 AM (IST)
नकोदर (पाली): नकोदर सदर पुलिस ने कंपनी की 3 लाख 16 हजार 599 रुपये की रकम हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी रचने के मामले को सुलझाते हुए कंपनी के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि कथित पीड़ित ने खुद ही लूट की वारदात की कहानी तैयार की थी। पुलिस रकम की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
डी.एस.पी. नकोदर ओंकार सिंह बराड़ ने बताया कि 16 सितम्बर को अरविंदर सिंह पुत्र राम लुभाया निवासी गांव चूहड़, थाना सदर नकोदर, जो सी.एम.एस. इन्फो सिस्टम्स प्राइवेट लि., जालंधर में कार्यरत है, ने 3,16,599 रुपये लूटे जाने की सूचना दी थी। उसने बताया था कि गांव जमींतगढ़ खोसे के अड्डे के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उसे घेरकर उक्त रकम लूट ली।
शिकायत के आधार पर राहुल अरोड़ा पुत्र अशोक कुमार अरोड़ा निवासी अजीत नगर, जालंधर के बयानों पर थाना सदर नकोदर में एफ.आई.आर. नंबर 254 के तहत मामला दर्ज किया गया। इंस्पैक्टर पलविंदर सिंह की निगरानी में ए.एस.आई. सुखविंदर सिंह ने जांच शुरू की।
तकनीकी जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित लूट की घटना संदिग्ध लगी। जांच में सामने आया कि अरविंदर सिंह ने कंपनी की रकम हड़पने के लिए लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घरेलू खर्चों के लिए लिए गए कर्ज को चुकाने के लिए कंपनी की रकम को लेना चाहता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

