शातिर फर्जी ट्रेवल एजैंट के खिलाफ मामला दर्ज, पीड़ित को ऐसे फंसाया जाल में

punjabkesari.in Friday, Feb 21, 2025 - 12:42 PM (IST)

खन्ना : खन्ना में फर्जी ट्रेवल एजैंट के खिलाफ केस दर्ज किया गया। आरोपी की पहचान गांव नसराली के रहने वाले गुरदीप सिंह के तौर पर हुई जिसने इटली भेजने के नाम पर पड़ोसी गांव के व्यक्ति के साथ 10 लाख 20 हजार की धोखाधड़ी की। फिलहाल इस केस में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सदर थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत केस दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता नरिंदर सिंह निवासी ईसड़ू ने अपने बयानों में बताया कि उसकी गुरदीप सिंह के साथ इटली भेजने के लिए 13 लाख 50 हजार में बात तय हुई थी।

गुरदीप सिंह को 1 लाख 85 हजार रुपए 1 नवंबर 2018 को दिए गए थे। दिसंबर 2018 में 2 लाख 60 हजार रुपए, अक्टूबर 2023 में 4 लाख 50 हजार रुपए दिए थे। इसके बाद 55 हजार रुपए टिकट के लिए दिए थे। 6 नवंबर 2023 को उसे विजिटर वीजा पर इटली भेज दिया गया था। शिकायतकर्ता नरिंदर सिंह के अनुसार इटली में गुरदीप सिंह की बेटी व दामाद रहते हैं। वहां वह उनके पास कुछ दिन रुका। गुरदीप सिंह से हुए इकरारनामे के मुताबिक उसे इटली में काम दिया जाना था और पक्का होने के पेपर भी लगाने थे। लेकिन कुछ दिनों के बाद ही गुरदीप सिंह के दामाद ने इटली में उसके साथ झगड़ा किया।

तकरारबाजी के बाद गुरदीप सिंह के दामाद ने उससे 2300 यूरो, पासपोर्ट व टिकट छीन ली। उससे मारपीट कर घर से निकाल दिया। जिसके बाद वह भारतीय दूतावास से इमरजेंसी पासपोर्ट लेकर 29 नवंबर 2023 को भारत वापस आया। यहां आकर गुरदीप सिंह से बात की तो उल्टा उसका ही कसूर निकाला गया। उसके पैसे वापस करने से इंकार कर दिया गया। जिसके बाद उसने 20 दिसंबर 2024 को पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। जांच में गुरदीप सिंह द्वारा 10 लाख 20 हजार रुपए लेकर इकरारनामे की शर्तें पूरा न करना पाया गया। पुलिस ने गुरदीप सिंह खिलाफ केस दर्ज कर लिया।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News