PB-90 सीरीज के फैंसी नंबरों की बोली हुई रद्द, एस.टी.सी. ने जारी किया आदेश

punjabkesari.in Friday, Jan 11, 2019 - 08:46 AM (IST)

जालंधर(अमित): कुछ महीने पहले एस.डी.एम. जालंधर-2 के अधीन शुरू की गई पी.बी.-90 सीरीज की ऑनलाइन बोली जोकि अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई थी, के फैंसी नंबरों की बोली स्थायी तौर पर रद्द कर दी गई है।  

गौर हो कि इस सीरीज की ऑनलाइन बोली के समय ही पंजाब केसरी द्वारा बोली को लेकर  शंका जताई गई थी कि इसको खराब किया जाएगा और बाद में सारे फैंसी नंबर रिजर्व प्राइस पर ही अलॉट करवा दिए जाएंगे और उसके बाद सफल बोलीदाताओं ने पैसे जमा करवाने की जगह डिफाल्ट करके बोली को ही खराब कर दिया था। फिर इसके पीछे फैंसी नंबर बेचने वाले माफिया की भूमिका सामने आने से एस.डी.एम.-2 ने रिजर्व प्राइस पर नंबर अप्लाई करने वालों को आर.सी. जारी करने की जगह पूर्ण तौर पर रोक लगाकर बाकी नंबरों की आर.सी. जारी करना आरंभ कर दिया था। 

गौरतलब है कि आर.टी.आई. एक्टीविस्ट गौरव लूथरा द्वारा इस संबंधी एक लिखित शिकायत भी दी गई थी जिसके बाद इस सीरीज के फैंसी नंबरों में हुई जालसाजी का पता लगा था। एस.टी.सी. ने अपने आदेश में साफ किया है कि पी.बी.-90 सीरीज के सारे फैंसी नंबर जो अलॉट किए जा चुके हैं, उन्हें एस.डी.एम.-2 की सिफारिश पर तत्काल रद्द किया जाता है। उन्होंने इंचार्ज एन.आई.सी. (नैशनल इन्फॉर्मेटिक्स सैंटर), पंजाब को लिखा है कि पीबी-90 सीरीज के फैंसी नंबरों की नई ई-ऑक्शन पॉलिसी के अंतर्गत री-ऑक्शन करवाई जाए। यह भी स्पष्ट किया गया है कि पहले सफल बोलीदाताओं की सारी राशि को रिफंड कर दिया जाएगा।

किस नंबर के लिए लगी थी कितनी बोली
पी.बी.-90 सीरीज के लिए पूरे पंजाब में सबसे महंगी बोली लगाई गई थी जिसमें पीबी-90-9090 नंबर के लिए अंतिम बोली 25,13,500 रुपए लगाई गई थी। इसी तरह से 0001 के लिए 18 लाख 7 हजार 500 रुपए, 0002 के लिए 3 लाख 90 हजार, 0003 के लिए 5 लाख 55 हजार, 0004 के लिए 91 हजार, 0005 के लिए 1 लाख 62 हजार, 0006 के लिए 5 लाख 25 हजार, 0007 के लिए 7 लाख 78 हजार, 0008 के लिए 47 हजार, 0009 के लिए 11 लाख 19 हजार 500, 0010 के लिए 14 हजार 500, 0013 के लिए 10 लाख 50 हजार, 0015 के लिए 1 लाख 27 हजार, 0100 के लिए 2 लाख 51 हजार, 0786 के लिए 3 लाख 17 हजार, 0900 के लिए 2 लाख 52 हजार, 7777 के लिए 1 लाख 25 हजार और 9999 के लिए 2 लाख 01 हजार की बोली लगाई गई थी। 

एस.टी.सी. के पास भेजा था पत्र, उनके फैसले का होगा यथावत पालन : एस.डी.एम.-2
एस.डी.एम.-2 परमवीर सिंह ने कहा कि उन्होंने एस.टी.सी. के पास एक पत्र भेजा था जिसमें विस्तारपूर्वक सारे मामले की जानकारी प्रदान की गई था। एस.टी.सी. ने फैसला दे दिया है, जिसका यथावत पालन किया जाएगा। 

Vatika