खड़ी हुई नई मुसीबत, फर्द केन्द्र के कर्मचारियों ने किया बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 05:38 PM (IST)

फिरोजपुर (परमजीत सोढी): फर्द केंद्र कर्मचारियों द्वारा सरकार की वादा खिलाफी के संबंध में अहम बैठक की गई। बैठक के दौरान फर्द केन्द्र कर्मचारियों ने बताया कि फर्द केंद्र के भविष्य को लेकर सरकार के दरबार में कई बार बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें हमारे बर्खास्त किए साथियों को फिर से बहाल करने संबंधी सहमति बनी थी, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद उच्चाधिकारियों द्वारा टाल-मटोल का रवैया अपनाया जा रहा है। इसके साथ फर्द केंद्र कंप्यूटर आप्रेटर एसोसिएशन की अन्य मांग मार्च महीने में बढ़ी हुई तनख्वाह के बारे में थी, उस संबंध में भी कोई पत्र अभी तक जारी नहीं किया गया है। एसोसिएशन के नेताओं ने बताया कि मौजूदा सीएमएस कंपनी का टेंडर 31 मार्च को खत्म हो रहा है, जिसकी जानकारी ऑप्रेटरों को कंपनी की ओर से दी गई थी। 

अब 1 अप्रैल से फर्द केंद्र के कर्मचारी किस हैसियत से और किस विभाग के अधीन काम करेंगे, इस बारे में सरकार की ओर से कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। मालूम हो कि कुछ एक अनधिकृत सूत्रों से पता चला है कि कंपनी का मौखिक रूप से मई 2026 तक कार्यकाल बढ़ा दिया गया है, वो भी बिना किसी टेंडर के, जिसका सीधा मतलब है कि सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से इतने बड़े स्तर पर घोटाला होने जा रहा है। उक्त घोटाले के संबंध में कानूनी विशेषज्ञ से भी सलाह ली जा रही है और विरोध करते हुए फर्द केंद्र यूनियन 04 से 07 अप्रैल 2026 तक हड़ताल पर जा रही है। इस दौरान फर्द केंद्र का काम पूरी तरह बंद रहेगा। एसोसिएशन नेताओं के अनुसार आने वाले समय में वह अपना संघर्ष ओर भी तेज करेंगे, जब तक उनकी जायज और हक की मांगों का हल नहीं निकाला।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News