फरीदकोट में 24 घंटे में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Sep 07, 2026 - 02:12 PM (IST)
फरीदकोट (राजन): एस.पी. इन्वेस्टिगेशन नरेंद्र सिंह ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि फरीदकोट पुलिस द्वारा ‘क्राइम जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत गुरबंस सिंह बैस, पी.पी.एस., एस.एस.पी. फरीदकोट के मार्गदर्शन में डी.एस.पी. तरलोचन सिंह (स.ड.) फरीदकोट के नेतृत्व में थाना सिटी फरीदकोट-2 की पुलिस टीम ने 27 अगस्त को सामने आए अंधे कत्ल के मुकदमे को करीब 24 घंटे के अंदर सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है।
उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को करीब 60 वर्षीय एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना सिटी-2 फरीदकोट के मुख्य अधिकारी अकलप्रीत सिंह और डी.एस.पी. तरलोचन सिंह फरीदकोट मौके पर पहुंचे। इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट में मुकदमा दर्ज किया गया। अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाने के लिए एस.एस.पी. फरीदकोट द्वारा अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस पार्टी ने सी.सी.टी.वी. कैमरों और तकनीकी डाटा की मदद से जांच को आगे बढ़ाते हुए करीब 24 घंटे के अंदर ही हत्या की वारदात को ट्रेस कर लिया।

जांच के दौरान हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान राजू पुत्र बिहारी लाल, निवासी भोलूवाला रोड, ज्योत राम कॉलोनी, फरीदकोट, उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उक्त महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसके सिर तथा शरीर के अन्य अंगों पर ईंट से वार कर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा मृतक महिला की पहचान के लिए पुलिस द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

