फिर से संघर्ष के Mood में पंजाब के किसान, इस दिन दिल्ली में करेंगे संसद तक मार्च

punjabkesari.in Wednesday, Mar 01, 2023 - 02:02 PM (IST)

चंडीगढ़(रमनजीत): पंजाब के किसान संगठन फिर से संघर्ष के लिए तैयार हो चुके हैं। मंगलवार को विभिन्न किसान जत्थेबंदियों ने अपने आगामी संघर्ष के संबंध में जानकारी सांझा की। भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के प्रधान बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि पंजाब के दरियाई पानी की गैर-संवैधानिक समझौतों के जरिए हो रही लूट, राज्य में पानी व हवा के प्रदूषण से हो रहे पंजाबियों के नुक्सान समेत किसान आंदोलन के दौरान केंद्रीय सरकार द्वारा मान ली गई मांगों के अभी भी लंबित पड़े रहने के मुद्दे पर संघर्ष शुरू किया जा रहा है। 

राजेवाल ने कहा कि इन मांगों व  अन्य किसानी मुद्दों के संबंध में किसान संगठन 13 मार्च को दिल्ली में संसद तक मार्च करेंगे और प्रधानमंत्री तक अपना मांग पत्र पहुंचाएंगे।  उधर, संयुक्त किसान मोर्चा के कई संगठनों के नेताओं ने पंजाब के राजभवन पहुंचकर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को मांग पत्र सौंपा। 

किसान नेता सतनाम सिंह साहनी ने बताया कि बीते दिनों किसान संगठनों के नेता सतनाम सिंह बैहरू व हरिंद्र सिंह लक्खोवाल के घरों पर सी.बी.आई. द्वारा छापामारी की गई और कार्रवाई के दौरान उनके परिवारों को परेशान किया गया।  साहनी ने कहा कि किसान मोर्चे में अहम भूमिकाएं निभाने वाले किसान नेताओं पर इस तरह की कार्रवाई को तुरंत रुकवाने की मांग संबंधी राज्यपाल को मांग पत्र सौंपा गया है, यदि ऐसी दबाव वाली कार्रवाई को केंद्र सरकार ने जारी रखा तो सभी किसान संगठन फिर से संघर्ष शुरू कर देंगे।

Content Writer

Vatika