किसानों का धरना प्रदर्शन, मरणव्रत पर बैठे नेताओं ने छोड़ा अन्न-जल

punjabkesari.in Friday, Feb 01, 2019 - 11:44 AM (IST)

चंडीगढ़(भुल्लर): पंजाब के किसान पुलिस की सख्ती के बावजूद वीरवार को दूसरे दिन भी चंडीगढ़ के रैली ग्राऊंड में डटे रहे।

गत दिन देशव्यापी आंदोलन के तहत भारतीय किसान यूनियन (सिद्धूपुर) ने अन्ना हजारे के संगठन के साथ मिलकर लोकपाल और किसानी मांगों को लेकर सैक्टर-25 स्थित रैली ग्राऊंड में मरणव्रत शुरू किया था। यूनियन अध्यक्ष जगजीत सिंह ढल्लेवाल और अन्ना हजारे टीम के मैंबर करनवीर मरणव्रत पर हैं, जिन्होंने अन्न-पानी पूरी तरह त्याग दिया है। उनके स्वास्थ्य में भी आज गिरावट आई है। डाक्टरों ने उनकी जांच की।

उल्लेखनीय है कि पुलिस के उच्च अधिकारियों ने रैली ग्राऊंड में पहुंच किसान नेताओं को धरना समेट वापस जाने के लिए कहा। ऐसा न करने पर कार्रवाई की धमकी भी दी लेकिन किसान प्रोग्राम पर दृढ़ हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त लहजे में जवाब दिया कि हिम्मत है तो करो कार्रवाई। पुुलिस अधिकारियों का कहना था कि रैली की मंजूरी सिर्फ एक दिन की थी लेकिन किसान नेताओं के सख्त रुख के बाद वापस लौट गए। पुलिस ने धरने को नाकाम बनाने के लिए भी प्रयास शुरू कर दिए हैं। किसानों के लिए पानी की सप्लाई लेकर आ रहे टैंकरों को नाकाबंदी कर रोक दिया गया है।

Vatika