शंभू बॉर्डर पर किसान आंदोलन खत्म: दिल्ली कूच टला, अब क्या होगा अगला कदम जानें?

punjabkesari.in Friday, Nov 14, 2025 - 07:38 PM (IST)

पंजाब डैस्क : आज सुबह शंभू बॉर्डर पर शुरू किए गए धरने को लेकर बड़ी अपडेट सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि शंभु बार्डर पर शुरू किया गया कौमी इंसाफ मोर्चा का धरना खत्म कर दिया गया है। जानकारी अऩुसार सरकार से वार्ता की सहमति बनने के बाद किसानों ने धरना हटा लिया है। इस तरह किसानों का दिल्ली कूच का फैसला फिलहाल टल गया है। 

बता दें कि पंजाब-हरियाणा की सीमा पर पटियाला जिले के शंभू बॉर्डर पर एक बार फिर से किसान पहुंचे थे। किसानों ने जेलों में बंद बंदी सिंहों की रिहाई के लिए शंभू बॉर्डर के जरिए दिल्ली कूच करने का प्लान बनाया था, लेकिन अब खबर मिल रही है कि सरकार से बातचीत की सहमति बनने के बाद किसानों ने धरना हटा लिया है। 

किसानों का कहना है कि संयुक्त सचिव ने हमें आश्वासन दिया कि वह हमारी सभी माँगें गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष रखेंगे। इसलिए, हमने अपना आंदोलन वापस लेने का फैसला किया है क्योंकि दिल्ली मार्च का उद्देश्य अपना ज्ञापन सौंपना था। हालाँकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि मोहाली के यादवेंद्र पब्लिक स्कूल चौक पर चल रहा धरना जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि 2019 में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 30 से अधिक वर्षों से जेल में बंद सिख कैदियों की रिहाई की घोषणा की थी। हालाँकि, तब से किसी को भी रिहा नहीं किया गया है। कौमी इंसाफ मोर्चा 7 जनवरी, 2023 से मोहाली के वाईपीएस चौक पर सिख कैदियों की रिहाई की मांग को लेकर धरना दे रहा है। गुरुवार को, मोर्चा ने दिल्ली की ओर मार्च करने की अपनी योजना की घोषणा की, जिसके बाद हरियाणा के अधिकारियों ने कड़े सुरक्षा उपाय और बैरिकेडिंग शुरू कर दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor