पुलिस प्रशासन की धक्केशाही के विरुद्ध किसानों ने किया रोड जाम, जलाया पुतला

punjabkesari.in Sunday, Jun 24, 2018 - 11:24 PM (IST)

 श्रीहरगोबिंदपुर,घुम्माण (रमेश,कालिया): किसान संघर्ष कमेटी द्वारा श्रीहरगोबिंदपुर पुलिस की धक्केशाही के विरुद्ध गुरुद्वारा भाई मंझ साहिब के समीप समूह किसान व मजदूरों द्वारा टांडा श्रीहरगोबिंदपुर  रोड पूर्ण रूप से बंद करके पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए उसका पुतला जलाया गया। इससे पूर्व किसान संघर्ष कमेटी पंजाब के पदाधिकारियों, मजदूरों, किसान महिलाओं द्वारा विशेष बैठक की गई, जिसमें 2 जुलाई को श्रीहरगोबिंदपुर  पुलिस स्टेशन के समक्ष धरना देने का निर्णय लिया गया। यह धरना करीब अढ़ाई बजे से लेकर 5 बजे तक यातायात बंद करके दिया गया।

इस दौरान किसान संघर्ष कमेटी के पंजाब अध्यक्ष सतनाम सिंह पन्नू, सतविन्द्र सिंह टोडी खेड़ा, सुखविन्द्र सिंह सैनी, सतनाम सिंह फत्ता कुल्ला ने कहा कि माल मौजपुर के गरीब परिवार के जगीर सिंह का किसी ने कत्ल कर दिया था। पुलिस स्टेशन दसूहा में 5 आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर दिया गया लेकिन आज तक किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया गया। 

इसके विपरीत पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने के लिए प्रेम सिंह व हरदीप सिंह सहित अन्य कुछ लोगों पर 377 का मामला दर्ज कर दिया गया। आज तक लड़की द्वारा कोई भी मैडीकल रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई, जबकि 326 धारा के अधीन श्री श्रीहरगोबिंदपुर पुलिस स्टेशन की चौकी हरचोवाल में दीप सिंह, नानक सिंह व रछपाल सिंह पर मामला दर्ज किया गया है परंतु अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी। 

किसान नेताओं ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि किसानों व गरीबों पर पुलिस द्वारा दर्ज किए गए अवैध पर्चे रद न किए गए तो वे 2 जुलाई को पुलिस स्टेशन श्रीहरगोबिंदपुर के समक्ष विशाल धरना देंगे। इस अवसर पर अन्य के अतिरिक्त सुरजीत सिंह, रणजीत सिंह, दियाल सिंह, हरबंस सिंह, गुरप्रीत सिंह, कुलबीर सिंह काहलों,तरसेम सिंह सैनी,सतनाम सिंह व निशान सिंह ने भी सम्बोधित किया।

Punjab Kesari