जालंधर में फतेह ग्रुप की दहशत, सरेआम पुलिस को ऐसे दी चुनौती

punjabkesari.in Saturday, Mar 27, 2021 - 02:40 PM (IST)

जालंधर: शहर में कई जगहों पर गुंडागर्दी, मारपीट व तोड़फोड़ करने वाला फतेह ग्रुप फिर चर्चा में आ गया है। फतेह ग्रुप को बनाने वाले फतेह सिंह ने यूट्यूब पर अपना एक चैनल बनाया है जिसमें उसके द्वारा की गई गुंडागर्दी संबंधी खबरों की कटिंग व खुद की अपने साथियों के साथ तस्वीरें लगा कर गुंडागर्दी को समर्थन देने वाले पंजाबी गाने लगा कर वीडियो डाल रखी है। साफ तौर पर खुद को गुंडा साबित करने में लगे फतेह को पुलिस का भी खौफ नहीं है और अब फतेह इस तरह की वीडियो शेयर करके सरेआम पुलिस को चुनौती दे रहा है।

इन वीडियो में फतेह ने पिछले साल 30 जून को पंजाब केसरी और जगबाणी में प्रकाशित खबरों की कटिंग लगाई है। उसमें फतेह ने अमन नगर में गैरी नाम के युवक पर साथियों समेत हमला किया था। वीडियो में जगबाणी में छपी खबर की कटिंग भी लगाई गई है जिसमें उसने एक युवक को गोदाम में ले जाकर पीटा था और उसकी वीडियो भी वायरल की थी। फतेह गैंग के बढ़ रहे हौसले के कारण पहले भी जालंधर पुलिस कुछ नहीं कर पाई थी लेकिन अब फतेह सिंह सरेआम खुद की मशहूरी कर रहा है। हैरानी की बात है कि जालंधर में साइबर सैल होने के बावजूद इस तरह के सोशल मीडिया पर पेज बनाए हुए है और वह चल भी रहे हैं। इस तरह की वीडियो नौजवान पीढ़ी को गलत रास्ते मे ले जाने के लिए प्रेरित भी करते हैं परंतु पुलिस इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही।

फतेह गैंग के जालंधर के ही कुछ ग्रुपों के साथ विवाद भी चल रहे हैं, जिसको लेकर यह भी कहा जा सकता है कि फतेह ग्रुप शहर की अमन-शांति भंग करने में आने वाले समय में मुख्य भूमिका निभा सकता है। हाल ही में नोनी ग्रुप ने फतेह से मारपीट करने की वीडियो भी बनाई थी और वह भी वायरल हुई थी। सूत्रों की मानें तो फतेह पर राजनीतिक संरक्षण होने के कारण पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रही। फतेह ग्रुप ने मकसूदां मंडी के बाहर भी कॉलेज की प्रधानगी को लेकर दूसरे ग्रुप पर हमला किया था। उस समय भी फतेह ग्रुप की तरफ से कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी जबकि पुलिस ने दूसरे ग्रुप के एक युवक को गिरफ्तार करके मामले पर पर्दा डालने का काम किया था। एक तरफ जालंधर का नाम देश के सबसे महफूज शहरों में आया है तो दूसरी तरफ इस तरह के अपराधी सरेआम लोगों में खुद का खौफ पैदा करने के लिए हर एक काम कर रहे हैं।

 

Content Writer

Vatika