अबोहर में पैकेजिंग फैक्टरी और तेल का टैंकर सील, लुधियाना में उत्पादन यूनिट सील

punjabkesari.in Wednesday, Sep 12, 2018 - 09:40 AM (IST)

चंडीगढ़(शर्मा): प्रारंभिक चेतावनी के बाद भी पंजाब के विभिन्न हिस्सों में सरसोंं के तेल की मिलावटखोरी में संलिप्त व्यक्तियों पर फूड सेफ्टी टीमों ने हल्ला बोल दिया।पंजाब के खाद्य और ड्रग प्रशासन कमिश्नर के.एस. पन्नू ने बताया कि अबोहर में एन.जी. तेल मिल पर छापेमारी दौरान फाजिल्का फूड सेफ्टी टीम को नकली 725 लीटर सरसों का तेल और 352 लीटर खाद्य तेल मिला।

आगामी जांच के लिए नमूने लेकर स्टॉक जब्त कर लिया है। कारोबारी मिलावटी खाने वाले तेल को सरसों के तेल के तौर पर बेच रहा था। टीम ने फैक्टरी के पैकेजिंग हिस्से और टैंकर को सील कर दिया है। ट्रेडिंग कम्पनी के नाम पर घरेलू इमारत में चलाई जा रही दुकान से 46 लीटर रॉयल ताज कुकिंग सामग्री भी जब्त की गई है।इससे पहले लुधियाना की टीम ने अमरगढ़ के नजदीक उत्पादन इकाई को जांच के बाद सील किया। यह इकाई लुधियाना में स्थापित थी जबकि गुमराह करने के लिए पैकेजिंग पता संगरूर जिले का दिया हुआ था। समूह पैक्ड सामग्री, जो 168 लीटर सरसों का तेल था, को जब्त कर फैक्टरी सील कर दी गई है। खन्ना में एक फैक्टरी में बिना मार्का सरसों का तेल भी पाया गया है।

फरीदकोट टीम ने सुभाष फ्लोर मिलों की जांच के बाद 2 विभिन्न ब्रांड्स का सरसों का तेल जिसमें 159 किलोग्राम के 18 बॉक्स धान ब्रांड और 96 किलोग्राम के 10 बॉक्स अन्य ब्रांड के थे। हर संदिग्ध सामग्री के नमूने लेकर स्टॉक कब्जे में ले लिया गया है।होशियारपुर में कृष्णा ट्रेडर्ज से जांच दौरान वनस्पति और देसी घी की सुगंध से बने 180 किलोग्राम (10 बॉक्स प्रत्येक 18 किलो) नकली देसी घी का पर्दाफाश किया गया। स्टाक सील कर जांच के लिए देसी घी और वनस्पती के नमूने ले लिए हैं। इसके अलावा मन्नत फूड्ज से कुकिंग सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए लैब को भेज दिए हैं।फूड सेफ्टी विंग पठानकोट ने अरोड़ा ऑयल एंड फ्लोर मिल और लक्ष्मण सिंह एंड सन्स नामक तेल की री-पैकिंग वाली इकाइयों का निरीक्षण किया। लक्ष्मण सिंह एंड सन्स में 200 टिन रसोई ब्रांड सरसों का तेल और 200 टिन सुनहरी कोरां सरसों के तेल के मिले। अरोड़ा ऑयल एंड फ्लोर मिल में 50 बॉक्स वेटर ब्रांड सरसों का तेल और 200 बॉक्स मशाल सरसों के तेल के मिले। नमूने लेकर दोनों मिलों को स्वच्छता बनाए रखने संबंधी जागरूक किया गया। दोनों मिलों के पास एफ.एस.एस.ए.आई. लाइसैंस नहीं था। 

Vatika