अबोहर में लुटेरों का आतंक! मकान की रजिस्ट्री करवाने जा रहे व्यक्ति से लूटे लाखों
punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 03:10 PM (IST)
फाजिल्का/अबोहर (कृष्ण): अबोहर के श्री गुरु रविदास चौक पर दिनदहाड़े स्कूटी सवार व्यक्ति की जेब से 2.50 लाख रुपये छीनने के मामले में थाना सिटी-1 अबोहर की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता विनोद नारंग पुत्र मोहन लाल नारंग (57) निवासी गली नंबर 12, मॉडल टाउन, अबोहर ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 25 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने मकान की रजिस्ट्री करवाने जा रहा था। उसने 2,50,000 रुपये एक लिफाफे में डालकर अपनी बाईं जेब में रखे हुए थे और वह अपनी स्कूटी (नंबर PB 15-U-8593) पर सवार होकर अबोहर की ओर जा रहा था।
इस दौरान श्री गुरु रविदास चौक के नजदीक सतपाल नाम के व्यक्ति ने झपट्टा मारकर उसकी जेब से पैसे छीन लिए। घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना सिटी-1 अबोहर की पुलिस ने 27 नवंबर 2026 को आरोपी सतपाल सिंह उर्फ बब्बर पुत्र जसवीर सिंह निवासी कुंडल अबोहर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मुकदमा नंबर 385 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी सतपाल सिंह उर्फ बब्बर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच हेड कांस्टेबल (HC) स्वराज द्वारा की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

