फाजिल्का में सरपंच से विवाद, छत पर चढ़ चलाए ईंट-पत्थर
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 04:07 PM (IST)
फाजिल्का (सुनील नागपाल): फाजिल्का के गांव मौजम में दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया, इस दौरान महिला सहित दो लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौजूदा सरपंच पर आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि सरपंच ने आरोपों से नकारा है। हालांकि मौके पर हुए झगड़े का वीडियो बनाई गई और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई, जिसमें लोग ईंट-पत्थर फेंकते दिख रहे हैं। मामला पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी उक्त लोगों का सरपंच से झगड़ा हुआ था, जिसमें सरपंच की टांग तोड़ दी गई थी और पुलिस ने उक्त लोगों पर मामला भी दर्ज किया था।
जानकारी देते हुए गांव मौजम निवासी शमशेर सिंह ने बताया कि आज वह परिवार सहित शादी समारोह में जा रहे थे कि रास्ते में उक्त लोगों ने उन्हें घेर लिया, वह वापिस अपने घर आ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां सरपंच और उसके लोगों ने उन पर हमला कर दिया और ईंट-पत्थर फेंके गए। इस घटना के दौरान जहां उनके घर पर खड़े वाहन का नुकसान हुआ है वहीं उसकी भाभी और भतीजी घायल हो गईं है, जिन्हें इलाज के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में इंसाफ की मांग की जा रही है।
दूसरी ओर सरपंच बग्गू सिंह का कहना है कि करीब 20 दिन पहले उनके पड़ोस में रहने वाले उक्त लोगों का किसी से झगड़ा हुआ था। जब वह मामला सुलझाने गए तो उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद आज भी इस परिवार के लड़कों ने तेजधार हथियारों से उन पर हमला कर गाली-गलौज शुरू कर दी इसके बाद झगड़ा हो गया। हालांकि सरपंच ने शमशेर सिंह के लगाए आरोपों से इनकार किया है।
दूसरी ओर सदर थाने के SHO हरदेव सिंह बेदी ने कहा कि कुछ दिन पहले दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था और सरपंच बग्गू सिंह की टांग तोड़ दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने बग्गू सिंह की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था और अब फिर से झगड़ा हुआ है। इस मामले में घायलों के बयान दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। SHO हरदेव सिंह बेदी ने कहा कि गुंडागर्दी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

