रिश्वत लेती महिला SHO और गनमैन गिरफ्तार, विजिलेंस ने लिया शिकंजे में

punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 06:49 PM (IST)

फिरोजपुर (सोनू चोपड़ा): फिरोजपुर विजिलेंस ब्यूरो ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कोट ईसे खां की थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता बावा और उसके गनमैन होमगार्ड जवान गुरअवतार सिंह को 50 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले कोट ईसे खां पुलिस ने खोसा रणधीर गांव के एक व्यक्ति को नशे के साथ गिरफ्तार किया था। उसकी जानकारी के आधार पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता बावा कथित तौर पर गांव नूरपुर हकीमां निवासी राजविंदर सिंह को नशा तस्करी के मामले में फंसाने की धमकियां दे रही थी।

सूत्रों के मुताबिक, थाना प्रभारी ने राजविंदर सिंह से कथित तौर पर 50 हजार रुपए रिश्वत पहले ही ले ली थी, जबकि उससे 50 हजार रुपए की और मांग की जा रही थी। इसके बाद राजविंदर सिंह ने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत दी।

शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने फिरोजपुर रेंज की इंस्पेक्टर गगनदीप कौर के नेतृत्व में टीम गठित की। टीम ने जाल बिछाकर देर रात करीब 9 बजे जीरा रोड पर एक निर्धारित स्थान पर थाना प्रभारी और उसके गनमैन को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गवाहों की मौजूदगी में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी सुनीता बावा पहले से ही विजिलेंस ब्यूरो की रडार पर थी। उस पर अपने गनमैन के जरिए रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लग रहे थे।

पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं, बरामद रिश्वत की रकम और दोनों आरोपियों के पिछले रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि इससे पहले भी उन्होंने किसी से रिश्वत तो नहीं ली। जांच के आधार पर दोनों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News