LPU कैंपस में तोड़फोड़ का मुख्य आरोपी कैमरे में कैद, छात्रा ने की CCTV वायरल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 05:56 PM (IST)

फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रों का प्रदर्शन खत्म होने के बाद अब वायरल वीडियो ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ युवक यूनिवर्सिटी परिसर में दाखिल होते और कथित तौर पर संपत्ति को नुकसान पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं।

वायरल वीडियो में रेमिया मिश्रा नाम की युवती ने दावा किया है कि प्रदर्शन के दौरान यूनिवर्सिटी का छात्र मोहम्मद फरद पहले DSW कार्यालय में दाखिल हुआ। वीडियो में इसके बाद कुछ अन्य युवकों के अंदर आने और CCTV समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाने की बात कही जा रही है।

हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद मोहम्मद फरद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक स्टेटस जारी कर इन आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा। उसका कहना है कि वह तोड़फोड़ नहीं कर रहा था, बल्कि भीड़ को साइड करने की कोशिश कर रहा था।

फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावे और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं की जांच कर रहे हैं। परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उस दौरान कौन-कौन लोग अंदर दाखिल हुए थे।

जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ के दौरान किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका थी। पुलिस जांच और CCTV फुटेज के आधार पर ही तस्वीर साफ होगी कि नुकसान पहुंचाने वाले लोग कौन थे और उनकी भूमिका क्या रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News