लुधियाना जेल में कैदी ने दूसरे कैदी के पेट में मारा चाकू, गंभीर घायल

punjabkesari.in Wednesday, Jan 13, 2021 - 06:01 PM (IST)

लुधियाना (स्याल): जेल परिसर में एक कैदी द्वारा दूसरे कैदी पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया गया। यह झगड़ा जेल की बी.के.यू. की बैरक नंबर 8 में हुआ। पीड़ित कैदी सुरेश कुमार ने बताया कि जब वह लंगर हाल में था तो आरोपी कैदी लक्की पुत्र अंग्रेज ने उससे बिना वजह किसी बात को लेकर बहस करनी शुरू कर दी। पहले उसने अनदेखा किया, लेकिन आरोपी आक्रोशित हो गया और गुस्से में आकर उसने सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर पेट पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे जेल अधिकारियों ने घायल कैदी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना में भेजा, लेकिन कैदी की गंभीर हालत देखकर पटियाला के राजिन्द्रा अस्पताल रैफर कर दिया।

पुलिस जांच अधिकारी परमजीत सिंह ने बताया कि आरोपी लक्की पर थाना डिवीजन नंबर सात में 323, 324 आई.पीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जाता है कि मामले से जुड़े दोनों कैदी एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत सजा काट रहे हैं।

जेल में हुई घटना से बाकी कैदियों में खौफ
उधर, जेल में चाकू मारने की घटना के बाद उसके अंदर कैदियों में खौफ हो गया है। तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। बताया जाता है कि कैदी इस बात को लेकर काफी गंभीर हैं कि जेल के अंदर भी सुरक्षा का माहौल नहीं है। वहीं सवाल यह भी उठता है कि जेल प्रशासन नुकीली चीजों को कैदियों तक पहुंचने ही क्यों देता है, जिससे वह हिंसक होकर किसी की भी जान ले लें, बहरहाल मामला लंगर हाल से भी जुड़ा बताया है जाता है, जहां सब्जी काटने व छीलने के लिए कई तरह के चाकू होते हैं, ऐसे में आने वाले समय में भी जेल प्रशासन को लंगर हाल में सुरक्षा कड़ी रखने की चुनौती बनेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Mohit

Recommended News

Related News