लुधियाना में फिल्मी स्टाइल में लूट, युवक को सरेआम घेर सनसनीखेज वारदात को दिया अंजाम
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 01:46 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब सुबह की सैर या काम पर निकलना भी खतरे से खाली नहीं रह गया है। ताजा मामला थाना दरेसी के अंतर्गत आने वाले इलाके से सामने आया है, जहां बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने सुबह-सुबह एक एक्टिवा सवार व्यक्ति को घेरकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। बदमाशों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और उससे उसकी एक्टिवा छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने इस खौफनाक घटना की लिखित शिकायत थाना दरेसी के मुख्य अफसर को देकर न्याय की गुहार लगाई है।
कुंदन लाल (पुत्र साईं दत्ता मल्ल) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि आज सुबह करीब 6:00 बजे वह अपनी ग्रे रंग की एक्टिवा (नंबर: PB 10 JJ 2082) पर सवार होकर फिल्लौर की तरफ जा रहे थे। अभी वह बस्ती जोधेवाल पुल के ऊपर पहुंचे ही थे कि अचानक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए कुछ अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि कुंदन लाल कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला करने की कोशिश की। बदमाशों के हाथ में हथियार और उनके हिंसक इरादे देखकर पीड़ित बुरी तरह सहम गया। लुटेरों ने कुंदन लाल को डरा-धमकाकर उनसे उनकी ग्रे रंग की एक्टिवा स्कूटी जबरन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी स्कूटी लेकर पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही थाना दरेसी की पुलिस तुरंत एक्टिव हो गई है। पीड़ित कुंदन लाल की लिखित अर्जी के आधार पर पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि सुबह के वक्त मोटरसाइकिल पर आए उन अज्ञात हमलावरों का सुराग लगाया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

