हाईवे में गन प्वाइंट पर लूट, स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
punjabkesari.in Friday, May 22, 2026 - 07:35 PM (IST)
बठिंडा, (विजय वर्मा) : बठिंडा-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर अपराधियों के निशाने पर आ गया। गुरुसर सैणेवाला गांव के पास शाम के समय हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में ट्राले को रुकवाकर चालक से मारपीट की और सोना, नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। व्यस्त हाईवे पर हुई इस सनसनीखेज वारदात ने ट्रक और ट्राला चालकों में दहशत फैला दी है।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद निवासी प्रवासी ट्राला चालक जीत्तू राम महा शक्ति फैक्ट्री में सामान उतारने के बाद डबवाली की ओर जा रहा था। इसी दौरान पंजाब नंबर की एक स्कॉर्पियो अचानक उसके ट्राले के आगे आकर रुकी। चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले गाड़ी से चार युवक नीचे उतरे और ट्राले का दरवाजा खोलकर उसे नीचे खींच लिया।
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों में एक युवक के हाथ में रिवॉल्वर थी। हथियार के बल पर बदमाशों ने चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसके हाथ में पहनी करीब 98 हजार रुपये कीमत की सोने की अंगूठी उतरवा ली। इसके साथ ही दो चांदी की अंगूठियां, मोबाइल फोन और पर्स भी लूट लिया। पर्स में करीब 5 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुलेआम बठिंडा की तरफ फरार हो गए। चालक ने बताया कि घटना के बाद वह इतना सहम गया था कि तुरंत पुलिस को सूचना देने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। घटना के बाद हाईवे पर सफर करने वाले ट्रांसपोर्टरों और चालकों में भारी रोष और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी हथियारबंद गिरोह इस तरह खुलेआम वारदात कर रहे हैं तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। इलाके में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस गश्त और हाईवे सुरक्षा की पोल खोल दी है।

