हनी सिंह के खिलाफ FIR दर्ज, कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 09, 2019 - 03:57 PM (IST)

चंडीगढ़:  पंजाब पुलिस ने एक नए गाने में महिलाओं के खिलाफ अश्लील शब्दों के इस्तेमाल के आरोप को लेकर पॉप गायक हनी सिंह और निर्माता भूषण कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में पंजाब राज्य महिला आयोग ने हनी सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कहा था कि उनके गाने में महिलाओं के खिलाफ कथित तौर पर अश्लील शब्दों का प्रयोग किया गया है। वहीं थाना प्रमुख इंस्पेक्टर जगदेव सिंह ने बताया कि हनी सिंह की गिरफ़्तारी कभी भी हो सकती है और उन्हें जल्द थाने बुलाया जा सकता है। 

पंजाब के मोहाली जिले के मटौर थाने में यह मामला दर्ज किया गया है। मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरचरण सिंह भुल्लर ने मीडिया को बताया कि सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 294 (अश्लील कृत्य और गानों के लिए दंड) और धारा 509 (किसी स्त्री की लज्जाभंग करने के आशय से कोई शब्द कहना, भंगिमा बनाना और कार्य करना) लगाई गई हैं। इसके अलावा सूचना तकनीकी अधिनियम, 2000 की धारा 67 और महिलाओं के अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की उचित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया हैं।

इससे पहले आयोग की अध्यक्ष मनीषा गुलाटी ने इस बारे में राज्य के गृह सचिव को सूचित किया था। गुलाटी ने बताया कि पुलिस को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक शब्दों वाले गीत को राज्य में प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। राज्य महिला आयोग ने पुलिस ने इस मामले में 12 जुलाई तक स्थिति रिपोर्ट पेश करने को भी कहा है।


‘मखना’ से करोड़ों की उम्मीद में हैं हनी सिंह 
हनी सिंह मखना से करोड़ों की उम्मीद में हैं। यह गाना यू ट्यूब पर जबरदस्त हिट हो रहा है। पंजाब राज्य महिला कमीशन की यह अच्छी पहल है। हनी सिंह को बैन कर देना चाहिए। यह कहना है अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों का। पंजाब नाट्यशाला के संस्थापक जतिंदर बराड़ कहते हैं कि गीतों में अश्लीलता नहीं होनी चाहिए। विरसा विहार सोसायटी के प्रधान केवल धालीवाल कहते हैं कि गीतों में संस्कार के बोल होने चाहिए। फिल्मों से जुड़े राकेश शर्मा कहते हैं कि ‘मखना’ से हनी सिंह ने करोड़ों की उम्मीद में ही लचरता परोसी है, ऐसे सिंगर बैन होने चाहिए।

Vatika