केंद्रीय इंस्टीट्यूट के सीनियर साइंटिस्ट ने महिला सहकर्मी के साथ छेड़छाड़, प्राइवेट फोटो भी की Leak
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 11:49 AM (IST)
लुधियाना (अनिल): थाना पीएयू पुलिस ने सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्ट हार्वेस्ट इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (ICAR-CIPHET) के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक के खिलाफ महिला सहकर्मी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। आरोपी पर महिला को कथित तौर पर परेशान करने, आपत्तिजनक संदेश भेजने, बदनाम करने और उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने के आरोप हैं।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह ने बताया कि महिला वैज्ञानिक ने शिकायत में आरोप लगाया है कि संस्थान में कार्यरत वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. योगेश कुमार सोमवंशी लगातार व्हाट्सएप पर उसे अनचाहे संदेश भेज रहे थे। इन संदेशों में कथित तौर पर अभद्र और अपमानजनक बातें लिखी गई थीं। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसका करियर बर्बाद करने की धमकी भी दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें, चैट और अन्य व्यक्तिगत जानकारी उसकी अनुमति के बिना कई लोगों और विभाग से जुड़े कर्मचारियों के साथ साझा की, जिससे उसकी छवि को नुकसान पहुंचा। इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह ने बताया कि शिकायत की गंभीरता से जांच करने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

