फाजिल्का में सेलिब्रेशन पैलेस के बाहर भीषण आग, आतिशबाजी की चिंगारी से भड़की लपटें

punjabkesari.in Friday, Nov 27, 2026 - 10:07 AM (IST)

फाजिल्का (कृष्ण): फाजिल्का में सेलिब्रेशन पैलेस के ठीक सामने सड़क किनारे पड़ी झाड़ियों और कूड़े-कचरे के ढेरों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फाजिल्का फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए।

मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि यह पूरी घटना सामने स्थित सेलिब्रेशन पैलेस में चल रहे समारोह के दौरान की गई आतिशबाजी के कारण हुई। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि समारोह में शामिल लोग पीछे से ही लगातार पटाखे चलाते हुए आ रहे थे। हालांकि स्थानीय लोगों ने उन्हें पहले भी पटाखे चलाने से रोका था, लेकिन वे नहीं रुके। इसी दौरान एक चिंगारी गिरने से भीषण आग भड़क उठी। चश्मदीद ने इस हादसे के लिए सीधे तौर पर सेलिब्रेशन पैलेस के प्रबंधकों को जिम्मेदार ठहराया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने के करीब 45 मिनट से एक घंटा बीत जाने के बावजूद लपटों पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों के बिल्कुल पास आग लगी होने के कारण बड़े हादसे का खतरा बना हुआ था। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जबकि पंजाब फायर एंड इमरजेंसी सर्विस (फाजिल्का) के कर्मचारियों ने पानी की बौछारें मारकर आग बुझाने के लिए लगातार प्रयास किए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News