Ludhiana में बिजली ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग, इलाके में Black Out, पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 01:46 PM (IST)
लुधियाना (खुराना): लुधियाना में बिजली के ट्रांसफार्म में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, टिब्बा इलाके के अंतर्गत पड़ती ग्रेवाल कॉलोनी में रविवार की देर रात को शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली के ट्रांसफार्मर को भीषण आग लग गई जिसके कारण इलाका निवासियों को बिजली ठप रहने के चलते भयानक गर्मी में लगातार 14 घंटों तक झुलसने जैसी परेशानियों के साथ ही इंटरनेट सेवाओं सहित पीने वाले पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ा।
पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन की सुंदर नगर डिवीजन के एक्सियन राजेश शर्मा और उनकी टीम की नालायकी का खामियाजा आम जनता को लगातार कई घंटों तक भुगतना पड़ है। रविवार की देर रात से लेकर सोमवार बाद दोपहर तक इलाके में बिजली की सेवाएं पूरी तरह से ठप पड़ने के कारण लोगों को अपने घरों का कामकाज निपटाने सहित रोटी सब्जी बनाने के लिए कई तरह के पापड़ बेलने पड़े जिसका सबसे गहरा असर नौकरी पेशा वर्ग पर पड़ा है क्योंकि सुबह काम पर जाने से पहले उनको नहाने धोने और टिफिन तैयार करने जैसी मूलभूत सुविधाओं की भारी किल्लत उठानी पड़ी। हालात यह बन रहे कि लोग खाली बाल्टियां लेकर पानी भरने के लिए यहां वहां भटकते रहे गुस्से में भड़के इलाका निवासिनी आरोप लगाए हैं कि एक्सियन राजेश शर्मा अपनी ड्यूटी को लेकर पूरी तरह से लापरवाही अपना रहे हैं उन्होंने कहा राजेश शर्मा को आम पब्लिक को होने वाली परेशानियों से कोई लेना देना नहीं है।
लोगों ने कहा एक्सियन राजेश शर्मा अपनी कार्यशैली को लेकर पिछले लंबे समय से विवादों में रहे हैं जिसके कारण आम जनता में पावर कॉम विभाग की छवि खराब हो रही है। उन्होंने दावा किया कि ट्रांसफॉर्म से हो रहे तेल रिसाव संबंधी कई बार एसडीओ और एक्सियन को शिकायत दी गई लेकिन अधिकारियों के सिर पर जूं तक नहीं रेंगी अगर समय रहते ही ट्रांसफॉर्म से निकलने वाले तेल को रोक दिया जाता तो आज शायद इतना बड़ा हादसा होने से डर जाता है लोगों ने शुक्र किया कि हादसे के कारण किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ है। पूर्व पार्षद नरेश उप्पल, वार्ड प्रधान अर्जुन सिंह, विनय चौधरी, डॉ रामलाल, संदीप चांदी, सुखविंदर सिंह, सतनाम सिंह, दीपक कुमार, रमन बाबा और प्रदीप सिंह मुल्तानी अधिकारियों की लापरवाही के खिलाफ भारी रोष जताया है।
उधर इलाके में लगातार 14 घंटे तक बिजली की सप्लाई ठप रहने के कारण मुख्य बाजार में पड़ती दुकानों में लगे जनरेटरो की सांसे फूल गई और चार्ज नहीं होने के कारण इनवर्टर और मोबाइल फोन भी शोपीस बनकर रह गए। बदहाली के इस आलम में लोग आदिवासी इलाकों जैसा जीवन व्यतीत करने को मजबूर दिखाई दिए है जिसके कारण लोगों में पावर कॉम अधिकारियों के खिलाफ भारी गुस्सा पाया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने बड़ी सूझ-बूझ के साथ पानी की तेज बौछारें मारते हुए आसमान छू रही आग की भयानक लपटों पर काबू पाया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

