होटल के कमरे में चली गोली, दरवाजा खोलते ही हैरान रह गए सब

punjabkesari.in Wednesday, Jul 20, 2022 - 12:30 PM (IST)

चंडीगढ़ (सुशील):  चंडीगढ़ में बुधवार सुबह लगभग साढ़े 5 बजे सेक्टर 22-सी के होटल डायमंड प्लाजा में एके-47 से गोली चल गई। हादसे में पंजाब पुलिस का जवान घायल हुआ है। गोली पुलिसकर्मी के पेट के आर-पार होते हुए शीशे को भेदते हुए निकल गई।

होटल में पंजाब पुलिस के दो जवान देर रात लगभग 1 बजे पहुंचे थे। सुबह एक कर्मी बाथरूम गया था,  जहां यह घटना घटी। बताया जा रहा है कि गोली गलती से चली, लेकिन पुलिस जांच में जुटी हुई है। घायल पुलिसकर्मी की पहचान दीपक के रूप में हुई है। उसे पीजीआई रेफर किया गया है। पंजाब पुलिस की एक दूसरा कर्मी कार्बाइन लेकर कमरे में सो रहा था। घटना की जानकारी पाकर मौके पर एसएसपी भी पहुंचे। वहीं एरिया डीएसपी गुरमुख सिंह समेत सेक्टर-17 थाना एसएचओ और सेक्टर-22 चौकी प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। चंडीगढ़ पुलिस की फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं सेक्टर 36 से सेंट्रल फोरेंसिक टीम भी पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पुलिसकर्मी से खुद ही गोली चली है। दोनों जवान किसी व्यक्ति के गनमैन बताए जा रहे हैं।

पहले लगा किसी ने पत्थर मारा, फिर पता चला गोली चली
होटल कर्मी राम दास ने बताया कि सुबह लगभग साढ़े 5 बजे शीशा गिरने की आवाज आई। उन्हें लगा जैसे किसी ने पत्थर मारा है। उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड को बुलाया। बाद में पता चला कि गोली चली है। जिस कमरे का शीशा टूटा, उसका दरवाजा खटखटाया गया, मगर गेस्ट ने नहीं खोला। फिर अंदर से चिल्लाने की आवाज आई। दरवाजे को धक्का देकर खोला गया। अंदर लहूलुहान हालत में पंजाब पुलिसकर्मी पड़ा था। अंकित नाम से पंजाब पुलिसकर्मी ने होटल में कमरा बुक करवाया था। उसके साथ एक और पुलिस जवान था। वह पंजाब के गुरदासपुर से आए थे। होटल कर्मी के मुताबिक, उनके पास गन थी और गनमैन प्रतीत हो रहे थे। एक गेस्ट पुलिस वर्दी में था और दूसरा आधी वर्दी में था। होटल में 40 से अधिक गेस्ट मौजूद थे।

Content Writer

Vatika