कैंसर अस्पताल के नजदीक पड़ती 3 मंजिला फैक्ट्री को लगी भीषण आग, मची भगदड़

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 11:57 AM (IST)

लुधियाना(खुराना): कैंसर अस्पताल के नजदीक स्थित श्री यांश निटवियर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते उसने पूरी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में फैक्ट्री में रखा तैयार माल और करोड़ों रुपए की मशीनरी जलकर राख हो गई।

गनीमत रही कि आग लगने के समय फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यदि उन्हें समय पर नहीं निकाला जाता तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:17 बजे फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत में फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच जारी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News