प्रेमिका को मिलने गया लड़का, नहीं मिलने पर खुद को लगाई आग

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2020 - 11:28 AM (IST)

संगरूर(रजेश कोहली): संगरूर के गांव चोंदा में एक आशिक द्वारा प्रेमिका के घर के बाहर खुद को आग लगाने का मामला सामने आया है। यह सारी घटना वहां लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई। आग लगने से बुरी तरह झुलसे युवक को गांव वालों ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसे राजिंद्रा अस्पताल भेज दिया गया, वहां भी उसकी हालत को गंभीर देखते हुए युवक को पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया है। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने युवक के बयान दर्ज कर लड़की की मां के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार गुरध्यान सिंह निवासी वार्ड नंबर सात नजदीक रविदास मंदिर धुरी गाड़ियां रिपेयर करने का काम करता है। उसके गांव चोंदा की लड़की के साथ पिछले कई सालों से प्रेम संबंध थे। 12 मार्च को लड़की ने उसे फोन कर अपने घर बुला लिया। जब गुरध्यान सिंह लड़की के घर गया तो लड़की अपने घर पर मौजूद नहीं थी। लड़की ने उसे फोन पर कहा कि वह घर आ रही है। लड़के के अनुसार वहां मौजूद लड़की की मां शिंदर कौर ने उसे आग लगा दी, जबकि सी.सी.टी.वी. में साफ देखा जा सकता है कि वह खुद पर तेल छिड़क रहा है। आग लगने के बाद वह वहां से भाग गया तो लोगों ने उसे पकड़ कर पानी से आग बुझा दी। फिर उसे एंबुलेंस द्वारा अस्पताल भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस युवक के बयानों के आधार पर लड़की की मां शिंदर कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। युवक 55 प्रतिशत तक झुलस गया है। थाना प्रमुख राजीव कुमार मल्होत्रा ने बताया कि गुरध्यान सिंह के बयानों के आधार पर शिंदर कौर पर केस दर्ज कर लिया गया है।

Edited By

Sunita sarangal