अकाली नेता के घर के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, मचा हड़कंप
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 11:49 AM (IST)
गुरदासपुर (हरजिंदर सिंह गोराया): गुरदासपुर जिले के गांव किला लाल सिंह में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव के पूर्व सरपंच और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता जसवीर सिंह गिल के घर के बाहर मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने फायरिंग कर दी।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय जसवीर सिंह गिल अपने घर के आंगन में टहल रहे थे। जैसे ही हमलावरों ने घर के गेट के बाहर खड़े होकर गोलियां चलाईं, उन्होंने तुरंत घर के अंदर जाकर अपनी जान बचाई। इसके बाद उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से जवाबी फायरिंग भी की। हालांकि, दोनों हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
पूर्व सरपंच जसवीर सिंह गिल ने बताया कि उन्हें काफी समय से धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने यह भी कहा कि करीब एक वर्ष पहले उनके फार्महाउस पर भी हमला किया गया था।घटना की सूचना मिलते ही थाना किला लाल सिंह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि जसवीर सिंह के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

