तरनतारन में कपड़े की दुकान पर firing, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 09:56 PM (IST)
तरनतारन, (रमन): विधानसभा हलका खेमकरण के अंतर्गत आते कस्बा वल्टोहा में एक कपड़े की दुकान पर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तड़के फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। हालांकि इस फायरिंग में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार कस्बा वल्टोहा में स्थित ‘पुरियां दी हट्टी’, जहां काफी लंबे समय से कपड़े का कारोबार किया जा रहा है, के बाहर सोमवार सुबह अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फायरिंग की गई। घटना का पता सुबह उस समय चला जब दुकान मालिक रोशन लाल पुत्र बलदेव राज निवासी अमृतसर अपनी दुकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान के शटर पर चार गोलियों के निशान थे। यह देखकर वह घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना वल्टोहा के प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि फायरिंग करने वाले आरोपियों के संबंध में कोई सुराग मिल सके।

