स्कूल के बाहर फायरिंग की कोशिश से हड़कंप! CCTV में कैद हुए बाइक सवार

punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 04:40 PM (IST)

तरनतारन (रमन): जिले के पट्टी शहर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न रसूखदार लोगों, राजनीतिक नेताओं, अस्पताल व स्कूल मालिकों को गैंगस्टरों के नाम पर मिल रही फिरौती की धमकियों दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण जहां कारोबारियों में भय देखा जा रहा है, वहीं इसका उनके कारोबार पर भी बुरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसी बीच सोमवार सुबह 8.30 बजे के करीब पट्टी के एक निजी स्कूल के बाहर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों के कथित तौर पर फायरिंग करने के इरादे से पहुंचने का मामला सामने आया है। हालांकि वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। फिलहाल मामले को गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति पट्टी शहर से संबंधित एक निजी स्कूल के बाहर पहुंचे। परंतु किसी तकनीकी कारण के चलते वे फायर नहीं कर पाए और इसके बाद मौके से फरार हो गए। पूरी घटना स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

सूत्रों के अनुसार घटना के समय स्कूल में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान गेट पर मौजूद चौकीदार ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को स्कूल के नजदीक पहुंचकर मोटरसाइकिल की रफ्तार धीमी करते देखा। उनमें से एक के हाथ में पिस्तौल थी और उसने स्कूल की ओर फायर करने की कोशिश की, लेकिन फायर नहीं हो सका।इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गए। स्कूल प्रबंधन की ओर से थाना सिटी पट्टी पुलिस को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

गौरतलब है कि पिछले लंबे समय से तरनतारन जिले में विभिन्न कारोबारी और रसूखदार लोग गैंगस्टरों के नाम पर दी जाने वाली धमकियों को लेकर परेशान हैं। फोन कॉल के माध्यम से लाखों और करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने तथा रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दिए जाने के मामले सामने आते रहे हैं।

पट्टी शहर और आसपास के क्षेत्रों में अस्पताल संचालकों के साथ-साथ स्कूल मालिकों को भी कथित तौर पर फिरौती संबंधी धमकियां मिलने से चिंता बढ़ गई है। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों से सेवानिवृत्त हो चुके लोगों को भी फोन कॉल के जरिए निशाना बनाए जाने की बातें सामने आई हैं। स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त कुछ डॉक्टर और अन्य कर्मचारी अपना निजी कारोबार कर रहे हैं, उन्हें भी गैंगस्टरों के नाम पर लाखों रुपये की फिरौती मांगने संबंधी धमकियां मिल रही है।

लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के कारण कई लोग खुलकर अपना कारोबार करने में भी झिझक महसूस कर रहे हैं। हालांकि पुलिस की ओर से गैंगस्टरों और उनके गुर्गों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, इसके बावजूद विभिन्न गैंगस्टरों का नाम इस्तेमाल कर कुछ असामाजिक तत्व लोगों को डराकर फिरौती वसूलने की कोशिश जारी रखें हुए हैं।

इस संबंध में थाना सिटी पट्टी के प्रभारी इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने बताया कि निजी स्कूल के बाहर दो संदिग्ध व्यक्ति जरूर पहुंचे थे, लेकिन उनकी ओर से कोई फायर नहीं किया गया। पुलिस ने स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस 24 घंटे लोगों की सुरक्षा के लिए मौजूद है और किसी भी असामाजिक तत्व को अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News