घर के बाहर झगड़ा कर रहे थे दंपति, राहगीर ने चलाई गोली, पति घायल

punjabkesari.in Wednesday, Jan 08, 2020 - 05:09 PM (IST)

जालंधर(सोनू, कमलेश): जालंधर के थाना 2 के अधीन आते गोपाल नगर में गोली चलने का मामला सामने आया है। इस हादसे में 1 व्यक्ति घायल हो गया, जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 

जानकारी के अनुसार गोपालपुर के रहने वाले प्रह्वाद और उसकी पत्नी किरण के बीच घर के ठीक बाहर झगड़ा हो रहा था। इस दौरान कथित मीडिया कर्मी गुरदीप अपनी पत्नी के साथ बाइक पर गुजर रहा था। झगड़ा होता देख गुरदीप ने बाइक रोक ली। दरअसल झगड़े के दौरान किरण थाने में प्रह्लाद की शिकायत करने पर अड़ी हुई थी। गुरदीप बिना जान-पहचान के प्रह्लाद और किरण के झगड़े में घुस गया और किरण को कहने लगा कि वह चिंता न करे, वह उसे थाने लेकर जाएगा, जिसका पति ने विरोध किया। देखते ही देखते प्रह्लाद और गुरदीप गुत्थम-गुत्था हो गए और अचानक से गुरदीप ने अपनी पिस्तौल निकालकर प्रह्लाद की टांग पर गोली चला दी। गोली लगने से वह घायल हो गया जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। 


बताया जा रहा है कि मीडिया कर्मी गुरदीप पहले भी आपराधिक गतिविधियों के चलते जेल की हवा काट चुका है। उसके खिलाफ थाना नंबर 1 में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने कुछ समय पहले ही पिस्तौल खरीदा था। पुलिस आरोपी की हिस्ट्री खंगालने में लगी हुई है।

Vatika