दशहरा ग्राउंड नजदीक युवक पर चली गोलियां! दहशत में आए लोग

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 02:47 PM (IST)

होशियारपुर (अमरीक): होशियारपुर शहर के दशहरा ग्राउंड के पास पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों द्वारा एक युवक पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हमले में युवक बाल-बाल बच गया।

घटना के संबंध में पीड़ित राहुल निवासी मोहल्ला बहादुरपुर ने बताया कि कुछ समय पहले दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। उस दौरान राहुल ने बीच-बचाव कर अपने एक दोस्त का दूसरे पक्ष के साथ समझौता करवा दिया था। राहुल के मुताबिक, इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के कुछ युवक उससे रंजिश रखने लगे थे।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते आज जब वह दशहरा ग्राउंड के पास मौजूद था तो उक्त युवकों ने उसे जान से मारने की नीयत से गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस पीड़ित के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika