Video में देखिए नशे में धुत्त युवक ने कैसे किया हंगमा

punjabkesari.in Tuesday, Jan 08, 2019 - 01:11 PM (IST)

जालंधर(कमलेश): सहदेव मार्कीट में आज शाम 4.15 बजे भाटिया काम्पलैक्स की तीसरी मंजिल पर गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। बारादरी पुलिस ने युवक को काबू कर लिया है जिसकी पहचान विक्रम पुत्र राज कुमार वासी गुरु नानक पुरा ईस्ट के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 3.30 बजे से ही आरोपी युवक विक्रम नशे में चूर होकर सहदेव मार्कीट में लडख़ड़ाता हुआ घूम रहा था।सी.सी.टी.वी. फुटेज में विक्रम एक कार से टकराकर नीचे गिर गया जिसके बाद कार के मालिकों से उसकी कहा-सुनी हो गई। कार मालिकों के जाने के बाद विक्रम जैसे ही उठा उसके डब से रिवाल्वर और गोलियां नीचे गिर गईं, किसी तरह उसने रिवाल्वर उठाकर फिर से डब में लगा ली। इसके बाद वह सी.सी.टी.वी. फुटेज से ओझल हो गया। थोड़ी देर बाद भाटिया काम्पलैक्स में हवाई फायर होने से अफरा-तफरी मच गई लेकिन कोई समझ नहीं पाया कि गोली कहां चली है।

सूचना मिलने पर बारादरी पुलिस के एस.एच.ओ. बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे, उन्हें बताया गया कि आरोपी को रिक्शा पर सवार होकर जाते हुए देखा गया है। मोर्चा संभालते हुए एस.एच.ओ. बलबीर सिंह सहदेव मार्कीट से ही एक दुकानदार की एक्टिवा और एक पुलिसकर्मी को साथ लेकर आरोपी युवक को काबू करने निकल गए व उसे संत नगर फाटक से काबू किया। पुलिस ने आरोपी से रिवाल्वर भी बरामद कर लिया है और पांचों खोल भी पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं।

पिता की रिवाल्वर और लाइसैंस लेकर घूम रहा था आरोपी
ए.डी.सी.पी. पी.एस. भंडाल ने बताया कि आरोपी विक्रम जो रिवाल्वर लेकर घूम रहा था वह उसके पिता के नाम पर है। विक्रम की जेब से पुलिस ने उसके पिता का रिवाल्वर का लाइसैंस भी बरामद किया है। 
आरोपी ने सहदेव मार्कीट में होशियारपुर के गढ़दीवाल निवासी रघुबीर सिंह से उसकी कार की चाबी भी छीनने की कोशिश की जिसके चलते रघुबीर की विक्रम के साथ कहासुनी हो गई। उससे थोड़ी देर बाद ही आरोपी ने भाटिया काम्पलैक्स की तीसरी मंजिल पर जाकर 5 हवाई फायर किए। भंडाल ने बताया कि आरोपी गुरु नानकपुरा ईस्ट का रहने वाला है। उसके पिता राज कुमार रेत-बजरी की ठेकेदारी का काम करते हैं।

अंदेशा- बहस करने वालों को ढूंढ रहा था विक्रम
भाटिया काम्पलैक्स की ग्राऊंड फ्लोर पर दुकान चलाने वाले एक दुकानदार ने बताया कि काम्पलैक्स के लिए कोने पर सीढिय़ां लगी हुई हैं, कोई भी आसानी से छत पर जा सकता है। अनुमान लगाया जा रहा है कि आरोपी नशे की हालत में उन युवकों को ढूंढ रहा था जिनसे उसकी बहस हुई थी, जब वे उसे नहीं मिले तो उसने तैश में आकर हवाई फायर कर दिए।

सिर पर बोतल मारने के आरोप में इंगलैंड से डिपोर्ट हो चुका है विक्रम
आरोपी आस्ट्रेलिया और इंगलैंड में भी रह चुका है। आरोपी की स्टडी आस्ट्रेलिया में कम्प्लीट नहीं हो पाई थी जिसके बाद वह इंगलैंड गया था। वहां पर उसने एक व्यक्ति के सिर पर बोतल दे मारी थी, इसी कारण इंगलैंड से उसे डिपोर्ट कर दिया गया था। आरोपी फिलहाल मध्य प्रदेश में ट्राला चलाने का काम कर रहा था। शिकायतकत्र्ता रघुवीर सिंह के बयान पर बारादरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

‘मैंने आस्ट्रेलिया से की है बी.एससी., शो ऑफ के लिए रखी थी रिवाल्वर’
आरोपी विक्रम से जब बात की गई तो उसने बताया कि उसने आस्ट्रेलिया से बी.एससी. फिजिक्स की पढ़ाई की है और उसके पास आस्ट्रेलिया की टी.आर. है। वह 6 साल पहले आस्ट्रेलिया से भारत आ गया था। उससे रिवाल्वर रखने का कारण पूछा गया तो उसने कहा कि उसने शो ऑफ के लिए डब में रिवाल्वर लगाई हुई थी। उसने यह भी बताया कि उसने एक ढाबे में 1 बोतल से भी ज्यादा शराब का सेवन किया जिस कारण वह होशो-हवास में नहीं था, उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।

swetha