Punjab: फॉर्च्यूनर में आए शूटरों ने Thar में बैठे सरपंच को गोलियों से भूना, पुलिस ने सील किया इलाका

punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 01:24 PM (IST)

मोगा: मोगा जिले के कस्बा बाघापुराना में दिन-दहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में मौजूदा सरपंच हैपी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना पुरानी रंजिश के चलते हुई बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि कुछ अज्ञात व्यक्ति फॉर्च्यूनर गाड़ी में आए और उन्होंने सरपंच हैपी पर अचानक गोलियां चला दीं। हमलावरों ने कई राउंड फायर किए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलियां लगने से सरपंच हैपी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

मोगा के एसएसपी ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और पुलिस टीमों को जांच के आदेश दिए। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ लग रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके। घटना के बाद बाघापुराना और आसपास के क्षेत्रों में डर और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News